Bagaha News: बगहा. स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के मद्देनजर मंगलवार को एसएसबी 65वीं वाहिनी एवं स्कूली छात्र-छात्राओं के संयुक्त तत्वावधान में रतनमाला क्षेत्र में तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. मध्य विद्यालय रतनमाला एवं आयुर्वेदिक संस्कृत मध्य विद्यालय रतनमाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा एसएसबी अधिकारियों और जवानों ने देशभक्ति के साथ राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
वंदे मातरम् के गायन के बाद निकली तिरंगा यात्रा
विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और एसएसबी जवानों ने संयुक्त रूप से वंदे मातरम् का गायन किया. इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा निकाली गई. विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति जागरूक किया.
विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान की दी जानकारी
मध्य विद्यालय रतनमाला के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने बताया कि एसएसबी के अधिकारी एवं जवान विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों को तिरंगा यात्रा, वंदे मातरम् तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी.
बच्चों को बताया गया कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है. प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करे और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे.
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बांटे पौधे
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी की ओर से विद्यार्थियों के बीच फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण भी किया गया. बच्चों को पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई.
विद्यार्थियों से अपने घर और आसपास पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया. एसएसबी ने देशभक्ति को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें: कुमारबाग में ढाला संख्या-5सी पर ट्रेन रोककर यात्रियों के चढ़ने का वीडियो वायरल, रेलवे पर उठे सवाल
एनएच-727 से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा
विद्यालय परिसर से निकली तिरंगा यात्रा एनएच-727 होते हुए विद्यालय के पोषक क्षेत्र की विभिन्न सड़कों और गलियों से होकर गुजरी. यात्रा में एसएसबी अधिकारी, जवान, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल रहे.
सड़क के दोनों ओर और आसपास के मोहल्लों में लोगों की भीड़ नजर आई. महिला, पुरुष, युवक और युवतियों ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की. तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.
देशभक्ति के साथ नागरिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
एसएसबी अधिकारियों और जवानों ने कहा कि देशभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है. पर्यावरण की रक्षा, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और समाज में जागरूकता फैलाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है.
प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और उन्हें राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है.
यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
