बगहा सड़क हादसा: पुलिस जिला अंतर्गत थाना निरीक्षण के लिए क्षेत्र भ्रमण पर निकले पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने चौतरवा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल घटनास्थल का रुख किया. सिरौना के समीप पहुंचे एसपी ने हादसे की स्थिति का जायजा लिया और घायल व्यक्ति को बिना देरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
डायल-112 टीम ने कराया प्राथमिक उपचार
एसपी के निर्देश पर डायल-112 की टीम ने दुर्घटना में घायल चौतरवा थाना क्षेत्र के जामदार टोला निवासी राज कुमार को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया. घायल की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा पहुंचाया गया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर जरूरी चिकित्सा सहायता मिल सकी.
राज कुमार चौतरवा थाना क्षेत्र के जामदार टोला निवासी प्रमोद प्रसाद के पुत्र हैं. घटना के बाद पुलिस टीम की सक्रियता से घायल को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई.
गोल्डन ऑवर में इलाज को बताया महत्वपूर्ण
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि आपात स्थिति में आम नागरिकों की मदद करना भी है. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना जैसी घटनाओं में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान समय पर चिकित्सा सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है.
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर बिना विलंब घटनास्थल पर पहुंचें और घायलों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करें. जरूरत पड़ने पर घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जाए.
एसपी ने लोगों से की सड़क सुरक्षा नियम मानने की अपील
एसपी राजेश कुमार ने आम लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि वाहन हमेशा निर्धारित गति सीमा में चलाएं. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें.
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़े सड़क हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है.
बगहा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जरूरतमंदों की मदद की जा सके.
यह भी पढ़ें:
