Minor Kidnapping Case: नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. बरामद की गई किशोरी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अल्पावास गृह भेज दिया गया है.
यह मामला किशोरी की मां की शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिसमें तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.
घर से निकली, फिर दोबारा हुई लापता
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 25 जुलाई की सुबह करीब छह बजे घर से निकल गई थी. सूचना मिलने पर परिजन उसे सरकारी स्कूल के पास से वापस घर ले आए.
आरोप है कि कुछ देर बाद वह फिर घर से चली गई.
तीन साल से संपर्क होने का आरोप
शिकायत के अनुसार, गांव के अखिलेश कुमार चौरसिया (26) से किशोरी का पिछले तीन वर्षों से संपर्क था. परिजनों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी युवक और उसके परिवार को समझाया गया था.
महिला ने आरोप लगाया कि 25 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे अखिलेश कुमार ने अपने परिवार के सदस्यों की मिलीभगत से किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया.
इस मामले में अखिलेश कुमार चौरसिया, अवधेश कुमार चौरसिया और हरेन्द्र चौरसिया को आरोपी बनाया गया है. ये आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग के अपहरण से संबंधित मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं, बरामद नाबालिग का आवश्यक बयान दर्ज कराने के बाद उसे अल्पावास गृह भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
