बेतिया में विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी बच्चों की प्रतिभा, सेंसर तकनीक से कचरा प्रबंधन तक के मॉडल ने खींचा ध्यान

बेतिया में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने सेंसर तकनीक, कचरा प्रबंधन, वैकल्पिक ऊर्जा और परमाणु संरचना जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए. इस आयोजन ने बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को बढ़ावा दिया.

Bettiah News: बेतिया. नगर के राज ड्योढ़ी परिसर स्थित बाबा हरिदास नागा सरस्वती शिशु-बालिका विद्या मंदिर में मंगलवार को विज्ञान प्रदर्शनी सह विज्ञान मेला आयोजित किया गया. इसमें नर्सरी से दशम कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान एवं गणित के विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक व उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों के मॉडलों में सेंसर तकनीक, प्रायिकता, वैकल्पिक ऊर्जा, परमाणु संरचना और कचरा प्रबंधन जैसे विषय प्रमुख रहे.

सेंसर तकनीक से समझाया आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल

विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा नवम की छात्रा नीलू कुमारी ने सेंसर आधारित तकनीक का मॉडल प्रस्तुत किया. इसके माध्यम से विभिन्न परिस्थितियों को पहचानकर स्वचालित तरीके से कार्य करने वाली तकनीक को समझाने का प्रयास किया गया.

वहीं विजया द्विज, राजलक्ष्मी पाण्डेय, राजश्री पाण्डेय एवं वैष्णवी ने प्रायिकता के सिद्धांत को सरल और रोचक मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत किया.

वैकल्पिक ऊर्जा और परमाणु संरचना के मॉडल ने खींचा ध्यान

कक्षा सप्तम की छात्रा पूजा कुमारी ने विद्युत एवं वैकल्पिक ऊर्जा पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किया. इसमें ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को प्रदर्शित किया गया.

कक्षा नवम की छात्रा आकृति कुमारी ने परमाणु की संरचना और इलेक्ट्रॉनिक विन्यास से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किया. मॉडल के माध्यम से परमाणु में इलेक्ट्रॉनों के वितरण को सरल तरीके से समझाया गया.

नन्हे विद्यार्थियों ने भी दिखाई वैज्ञानिक सोच

कम उम्र के विद्यार्थियों ने भी विज्ञान प्रदर्शनी में अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया. यूकेजी के छात्र शिवेंद्र कुमार एवं वासू कुमार ने मकान निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रियों के विश्लेषण से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किया.

कक्षा तृतीय के छात्र देवांश कुमार मिश्र ने कचरा प्रबंधन पर आधारित मॉडल बनाया. इसमें कचरे के पृथक्करण, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के जरिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया.

बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करते हैं ऐसे आयोजन

प्रधानाचार्य विनीता ओझा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ अनुसंधान, नवाचार और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करते हैं.

विज्ञान प्रदर्शनी सह विज्ञान मेला विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा.

यह भी पढ़ें: होटल-चाय दुकान वालों सावधान! घरेलू गैस सिलेंडर मिला तो होगी कार्रवाई


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >