पश्चिम चंपारण: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की वाल्मीकिनगर शाखा में शुक्रवार को कर्मियों की एकदिवसीय हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवा पूरी तरह प्रभावित रही. पीएलआई के तहत मिलने वाली राशि में भेदभाव का आरोप लगाकर कर्मियों ने कामकाज ठप कर दिया. हरितालिका तीज के दिन बैंकिंग सेवा बाधित रहने से रुपये की जरूरत वाले ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
शनिवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंकिंग सेवा लगातार दो दिनों तक प्रभावित रहेगी.
रुपये निकालने पहुंचे ग्राहक लौटे निराश
शुक्रवार को कई ग्राहक रुपये निकालने और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए शाखा पहुंचे, लेकिन बैंक का काम बंद मिलने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. तीज व्रत के अवसर पर खरीदारी समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए रुपये की जरूरत होने के कारण ग्राहकों की परेशानी और बढ़ गयी.
हड़ताल की जानकारी नहीं होने के कारण भी कई ग्राहक बैंक पहुंचे. शाखा बंद मिलने पर उन्हें बैरंग लौटना पड़ा. तीज के दिन बैंकिंग सेवा बाधित होने से ग्राहकों में नाराजगी भी देखी गयी.
पीएलआई राशि में अंतर का विरोध
शाखा प्रबंधक विनोद कुमार झा ने बताया कि बैंक के निचले स्तर पर कार्यरत कर्मियों को पीएलआई के तहत मात्र 15 दिनों की राशि मिलती है, जबकि वरीय कर्मियों को 365 दिनों की राशि प्राप्त होती है. उनका कहना है कि एक ही विभाग में कार्यरत कर्मियों के बीच इस तरह का अंतर उचित नहीं है.
इसी के विरोध में शुक्रवार को एक दिन का कामकाज बाधित किया गया. उन्होंने बताया कि वाल्मीकिनगर शाखा में कुल 10 कर्मी कार्यरत हैं और सभी ने इस व्यवस्था के विरोध में हड़ताल में हिस्सा लिया.
