नौतन: पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में बुधवार की अहले सुबह बड़ा हादसा हो गया. तिरहुत बड़ी नहर से निकली सनसरैया छोटी नहर बैकुठवां गांव के समीप टूट गई. नहर का तटबंध टूटते ही पानी तेज़ी से आसपास के खेतों, पोखरों और निचले इलाकों में फैल गया. इससे सड़क संपर्क बाधित हो गया, जबकि कई निजी पोखरों में पाली गई मछलियां बह जाने से मछली पालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
सड़क पर भरा पानी, आवागमन पूरी तरह ठप
नहर टूटने के बाद खड्डा कुंजलही से बैकुठवां जाने वाला मुख्य मार्ग जलमग्न हो गया. सड़क पर पानी भर जाने से दोनों गांवों के बीच आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
खेतों और पोखरों में फैला नहर का पानी
ग्रामीणों ने बताया कि मथौली किवाड़ से नहर का पानी बंद नहीं किए जाने के कारण लगातार पानी गांव और भागड़ क्षेत्र में गिर रहा है. इससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है. तेज बहाव के कारण निजी पोखरों में पाली गई मछलियां भी बह गईं, जिससे मछली पालन करने वाले किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है.
सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नहर का तटबंध पहले से ही कमजोर था, लेकिन समय रहते उसकी मरम्मत नहीं कराई गई. इसी वजह से तटबंध टूट गया और पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैल गया. ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद सिंचाई विभाग की ओर से अब तक न तो नहर का पानी बंद कराया गया और न ही मरम्मत के लिए कोई टीम मौके पर पहुंची है.
मुआवजे और त्वरित मरम्मत की मांग
घटना के बाद खड्डा, बैकुठवां और आसपास के गांवों में लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नहर का पानी बंद कराने, टूटे तटबंध की मरम्मत करने, सड़क संपर्क बहाल कराने और मछली पालकों को हुए नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है.
यह भी पढे़ं: पश्चिम चंपारण की 42 पंचायतों में आज लगेगा सहयोग शिविर, जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें ग्रामीण