Valmikinagar News: नेपाल में आई भीषण जल प्रलय के बाद सीमावर्ती क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को वाल्मीकिनगर पहुंचे. हवाई अड्डा परिसर में मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उनका काफिला इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज पहुंचा. मुख्यमंत्री ने बराज के नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करने के साथ विभिन्न फाटकों की स्थिति देखी. उन्होंने गंडक नदी के जलस्तर, नेपाल से आने वाले संभावित जलप्रवाह और सीमावर्ती इलाकों पर पड़ने वाले असर की जानकारी अधिकारियों से ली. इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे.
गंडक बराज पहुंचकर CM ने देखी स्थिति
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंडक बराज के नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न फाटकों की स्थिति देखने के साथ नदी के मौजूदा जलस्तर और पानी के दबाव की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से नेपाल से आने वाले संभावित जलप्रवाह और उसके सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में भी जानकारी हासिल की.
अधिकारियों से पूछी बाढ़ की तैयारी
बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार, एसडीपीओ निहार भूषण समेत जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नेपाल में आयी आपदा के बाद की स्थिति से अवगत कराया.
अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों, गंडक के जलस्तर में संभावित वृद्धि और राहत-बचाव कार्यों को लेकर की गयी तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी.
फिलहाल टली बाढ़ की आशंका
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि फिलहाल बाढ़ की आशंका टल गयी है और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. हालांकि नेपाल में आयी भीषण आपदा को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बनाए रखना जरूरी है.
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया.
हर बदलाव पर नजर रखने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने गंडक नदी के जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव की लगातार निगरानी करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि जलस्तर बढ़ने या किसी इलाके में खतरे की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाये जाएं.
उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाने का निर्देश दिया.
नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा, राहत और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने नेपाल में हुई प्राकृतिक आपदा को चिंता का विषय बताया.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी नेपाल में राहत एवं मदद समेत पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद रहा.
यह भी पढ़ें: नेपाल में मची तबाही का असर यहां तक पहुंचा, गंडक में बहकर आए शव और घरों का सामान
