शिविर में निर्देश देते डीएम

पश्चिम चंपारण की 45 पंचायतों में सहयोग शिविर, डीएम ने जीवन प्रमाणीकरण और फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी के दिए निर्देश

पश्चिम चंपारण की 45 पंचायतों में सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए सहयोग शिविर लगाए गए. डीएम तरनजोत सिंह ने भैंसही पोखरिया पंचायत का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पेंशन प्रमाणीकरण व किसान रजिस्ट्री में तेजी लाने का निर्देश दिया.

Bettiah News: बेतिया. राज्य सरकार के निर्देश पर सोमवार को पश्चिम चंपारण जिले के सभी प्रखंडों की कुल 45 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए. शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा. चनपटिया की भैंसही पोखरिया पंचायत में आयोजित शिविर का जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने निरीक्षण किया.

भैंसही पोखरिया में डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

डीएम तरनजोत सिंह ने सहयोग शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवेदनों और सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की जानकारी ली. डीएम ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण पूरा कराने का निर्देश

जिलाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के सभी पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा. उन्होंने अधिकारियों से छूटे हुए पेंशनधारियों की पहचान कर प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी पात्र लाभुक को पेंशन का लाभ लेने में परेशानी न हो.

किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री और आवास योजना पर जोर

डीएम ने सभी पात्र किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े लंबित कार्यों में भी तेजी लाने को कहा. अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

मुखिया से भी सक्रिय सहयोग की अपील

जिलाधिकारी ने पंचायत के मुखिया परशुराम राम से छूटे हुए पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण और योग्य किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री में सक्रिय सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी से पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया और प्रभावी हो सकती है.

पंचायत स्तर पर ही सेवाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य

डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी सरकारी सेवाओं और समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला कार्यालय का चक्कर लगाने से बचाना है. पंचायत स्तर पर ही आवेदन लेने और संबंधित विभागों के माध्यम से मामलों का समाधान करने से लोगों को समय और संसाधन दोनों की बचत होगी.

मझौलिया की दो पंचायतों में डीडीसी ने किया निरीक्षण

उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने मझौलिया प्रखंड की महनागनी और रतनमाला पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया. उन्होंने शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

वहीं विभिन्न जिलास्तरीय एवं नोडल पदाधिकारियों ने भी अलग-अलग पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का जायजा लिया.

यह भी पढ़ें: ज्वेलर्स की बाइक डिक्की से नकदी व सोने के गहने चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >