लेथ मशीन चलाने वाले पिता की बेटी ने AIBE में 70% अंक हासिल किए, अब जज बनने का है सपना

नगर परिषद की सबा जाहिर ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) में 70% अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. एक साधारण परिवार से आने वाली सबा का लक्ष्य न्यायिक सेवा में जाकर जज बनना है. उनकी सफलता ने युवाओं को प्रेरित किया है.

Narkatiaganj News: नगर परिषद के शिवगंज वार्ड संख्या-7 की रहने वाली सबा जाहिर ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) में 70 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. इसी वार्ड के फजल रहमान ने भी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर नगर का गौरव बढ़ाया है.

दोनों की सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है.

सीमित संसाधनों के बीच हासिल की बड़ी सफलता

सबा जाहिर एक साधारण परिवार से हैं. उनके पिता जाहिर अहमद मोतिहारी में लेथ मशीन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां मरियम खातून गृहिणी हैं.

आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सबा ने एलएलबी की पढ़ाई पूरी की और अब ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन में सफलता हासिल की है.

जज बनकर करना चाहती हैं समाज की सेवा

सबा जाहिर ने बताया कि उनका लक्ष्य न्यायिक सेवा में जाकर जज बनना है. उन्होंने कहा कि वह विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों और न्याय के लिए काम करना चाहती हैं.

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरु नवीन श्रीवास्तव और मदन श्रीवास्तव को दिया.

जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई

सबा जाहिर और फजल रहमान की सफलता पर नगर परिषद की सभापति रीना देवी, उपसभापति पूनम देवी, पार्षद मोहम्मद हसनैन सहित कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने दोनों को बधाई दी.

लोगों ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >