बगहा के पंचायत सरकार भवन में लगा विशेष सहयोग शिविर, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

बगहा-1 प्रखंड के सलाहा बरिअरवा में आयोजित विशेष सहयोग शिविर में ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ मिला. विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया.

West Champaran News: बगहा-1 प्रखंड की सलाहा बरिअरवा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया.

शिविर का संचालन बीडीओ प्रदीप कुमार के नेतृत्व में किया गया. इसका उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था.

कई विभागों के लगाए गए काउंटर

जिला योजना पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार गौड़ ने बताया कि शिविर में लगभग सभी प्रमुख विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे.

हर काउंटर पर संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं, आवश्यक मार्गदर्शन दिया और कई मामलों का तत्काल निष्पादन किया.

इन योजनाओं से जुड़ी मिली जानकारी

शिविर में मनरेगा, विद्युत विभाग, जीविका, सहकारिता, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), आधार कार्ड, आईसीडीएस और ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए.

ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपा. अधिकारियों ने मामलों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया.

बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण

शिविर में सीओ रवि भूषण गौरव, कनीय अभियंता राजेश कुमार, पंचायत मुखिया अमित कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन जमा किए.

अधिकारियों ने बताई शिविर की उपयोगिता

अधिकारियों ने कहा कि ऐसे विशेष सहयोग शिविरों से ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते.

उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर और आसानी से पहुंचाया जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Israel ansari

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >