Bagaha News: बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर बगहा पुलिस जिला की ओर से ‘ऑपरेशन विधिक पालक युवक’ के तहत हरिहर उच्च विद्यालय, पतीलार-चौतरवा में महिला सुरक्षा एवं कानूनी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े कानून, साइबर अपराध से बचाव, महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सहायता सेवाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गयी.
युवाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के साथ महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को लैंगिक समानता, महिला सम्मान और कानून के प्रति जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया.
साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
कार्यशाला को संबोधित करते हुए साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर छात्र-छात्राओं को सतर्क किया. उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा नहीं करने और साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय बताए.
उन्होंने डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की अपील की. साथ ही किसी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध लिंक के माध्यम से मांगी गयी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी.
छेड़छाड़ या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें
कार्यशाला में पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. पुलिस ने कहा कि अपराध के खिलाफ जागरूकता और समय पर सूचना देना सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को कानून का सम्मान करने और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया गया. पुलिस पदाधिकारियों ने युवाओं से महिला सम्मान, लैंगिक समानता और डिजिटल सुरक्षा को लेकर खुद जागरूक रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की.
कार्यशाला में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: योगापट्टी में 9 भूमिहीन परिवारों को मिला 5-5 डिसमिल जमीन का बासगीत पर्चा
