नरकटियागंज: मृत नवजात के जन्म के बाद निजी क्लीनिक सील, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

नरकटियागंज के वर्मा चौक स्थित एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद हड़कंप मच गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक को सील कर दिया और दवाओं को जब्त कर लिया. इस घटना के बाद क्षेत्र में चल रहे अवैध क्लीनिकों पर सवाल उठ रहे हैं.

Narkatiaganj News: अनुमंडल अस्पताल से करीब 50 कदम की दूरी पर वर्मा चौक स्थित एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान मृत नवजात के जन्म के बाद मंगलवार रात हंगामा हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद क्लीनिक को सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान क्लीनिक से तीन कार्टन दवाएं भी जब्त की गईं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, क्लीनिक का संचालक मौके पर नहीं मिला.

अनुमंडल अस्पताल से निजी क्लीनिक ले गए थे परिजन

जानकारी के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि निवासी खुशबू देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन पहले अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया. बाद में परिजन उन्हें निजी क्लीनिक ले गए. वहीं प्रसव के दौरान मृत नवजात का जन्म हुआ. इसके बाद परिजनों ने क्लीनिक में हंगामा किया.

प्रसूता को अनुमंडल अस्पताल से किया गया रेफर

घटना की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रसूता को तत्काल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया.

जांच में चिकित्सक नहीं मिले, क्लीनिक सील

अस्पताल प्रबंधक विपिन राज ने बताया कि जांच के दौरान क्लीनिक में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था. वहां से चेक बुक, आधार कार्ड सहित कुछ दस्तावेज और तीन कार्टन दवाएं बरामद की गईं. क्लीनिक परिसर में कोई नामपट्ट भी नहीं मिला. संबंधित संचालक से क्लीनिक के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है. मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई की तैयारी

घटना के बाद अनुमंडल अस्पताल के आसपास संचालित कथित अवैध क्लीनिकों और उनसे जुड़े बिचौलियों की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है. स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे संस्थानों के विरुद्ध अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >