बेतिया न्यूज: पश्चिम चंपारण में एक साथ 10 थानों की कमान बदल दी गयी है. एसपी कुमार गौतम ने पदस्थापन आदेश जारी करते हुए नए थानाध्यक्षों की तैनाती की है. दूसरे जिले से तबादला होकर पश्चिम चंपारण पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों को अब जिले के अलग-अलग थानों की जिम्मेदारी दी गयी है. वहीं, पुलिस केंद्र बेतिया में तैनात पदाधिकारियों को भी थाना संभालने का मौका मिला है.
इन दरोगाओं को मिली थानेदारी
जारी आदेश के अनुसार पु0अ0नि0 जय भगवान कुमार को मैनाटांड़, अंजन कुमार को चनपटिया, जितेंद्र कुमार को साठी, मिथिलेश कुमार को नवलपुर और प्रदीप कुमार को कालीबाग थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, पु0अ0नि0 मधु कुमारी को बानूछापर, रवि शंकर कुमार को सहोदरा, संतोष कुमार पाल को मनपुर, प्रिंस कुमार को अनुसूचित जाति/जनजाति थाना तथा अनिरुद्ध कुमार को श्रीनगर थाना की जिम्मेदारी दी गयी है.
10 थानों में बदलाव के बाद बढ़ी जिम्मेदारी
नए थानाध्यक्षों के सामने अपराध नियंत्रण के साथ फरियादियों की सुनवाई, लंबित मामलों का निष्पादन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी. एसपी की ओर से किए गए इस फेरबदल के बाद अब जिले के इन 10 थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग का नया चेहरा देखने को मिलेगा. खासकर चनपटिया और बानूछापर में नई कमान के बाद पुलिस की कार्यशैली पर लोगों की नजर रहेगी.
