Festival Special Train: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान दिल्ली और उत्तर बिहार के बीच बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. नई दिल्ली और दरभंगा के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है. खास बात यह है कि यह ट्रेन पश्चिम चंपारण के बगहा, नरकटियागंज और बेतिया समेत चंपारण के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इससे दिल्ली में रहने वाले चंपारण के लोगों के साथ-साथ त्योहार में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
दोनों दिशाओं में प्रतिदिन होगा परिचालन
ट्रेन संख्या 04098/04097 नई दिल्ली-दरभंगा-नई दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का परिचालन दोनों दिशाओं में प्रतिदिन किया जाएगा. जारी समय-सारणी के अनुसार नई दिल्ली से दरभंगा के लिए ट्रेन संख्या 04098 का परिचालन 10 अक्टूबर से 25 नवंबर तक होगा. वहीं दरभंगा से नई दिल्ली के लिए ट्रेन संख्या 04097 11 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी. दोनों दिशाओं में कुल 47-47 फेरे निर्धारित किए गए हैं.
नई दिल्ली से सुबह 9:30 बजे खुलेगी ट्रेन
नई दिल्ली से ट्रेन सुबह 9:30 बजे खुलेगी. इसके बाद गाजियाबाद, चिपियाना बुजुर्ग, कानपुर, उन्नाव, ऐशबाग, बादशाहनगर, बाराबंकी, बुढ़वल, गोंडा और गोरखपुर होते हुए बिहार में प्रवेश करेगी. गोरखपुर से आगे कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए दरभंगा पहुंचेगी. समय-सारणी के मुताबिक नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन बगहा सुबह 3:53 बजे पहुंचेगी और 3:55 बजे रवाना होगी. इसके बाद नरकटियागंज जंक्शन 4:50 बजे पहुंचकर 4:55 बजे खुलेगी. वहीं बेतिया स्टेशन पर सुबह 5:28 बजे पहुंचकर 5:30 बजे रवाना होगी. सगौली में 5:58 से 6 बजे और बापूधाम मोतिहारी में 6:30 से 6:35 बजे तक ठहराव निर्धारित है.
वापसी में बेतिया पहुंचेगी रात 8:23 बजे
दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 04097 दोपहर 3 बजे दरभंगा से खुलेगी. वापसी में समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी और सगौली होते हुए ट्रेन चंपारण पहुंचेगी. बेतिया में रात 8:23 बजे पहुंचकर 8:25 बजे रवाना होगी. इसके बाद नरकटियागंज जंक्शन पर 9:25 से 9:30 बजे और बगहा में 10:20 से 10:22 बजे तक ठहराव रहेगा. इसके बाद ट्रेन गोरखपुर, गोंडा, बाराबंकी, कानपुर, गाजियाबाद होते हुए अगले दिन शाम करीब 6:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
24 कोच की होगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन
जारी विवरण के अनुसार ट्रेन में 24 आईसीएफ/एलएचबी कोच होंगे. यह आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस होगी. ट्रेन की कुल दूरी करीब 1188 किलोमीटर है और एक तरफ की यात्रा में लगभग 27 घंटे लगेंगे. त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में सीटों की मारामारी के बीच इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से दिल्ली और चंपारण के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
