Narkatiaganj News: विद्यालय में कथित अभद्र व्यवहार के आरोप पर हंगामा, शिक्षक-शिक्षिका निलंबित

पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर अभिभावकों ने हंगामा किया. कार्रवाई की मांग के बाद दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है.

Narkatiaganj News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज प्रखंड अंतर्गत बरवा प्राथमिक विद्यालय-दो में सोमवार को बच्चों द्वारा एक शिक्षक और एक शिक्षिका के कथित अभद्र व्यवहार की शिकायत अभिभावकों से किए जाने के बाद हंगामा हो गया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक विद्यालय पहुंचे तथा संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे.

अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप था कि शिक्षक रामप्रवेश कुमार और एक शिक्षिका का कथित व्यवहार विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित कर रहा है तथा इसका बच्चों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. आक्रोशित लोगों ने दोनों को विद्यालय के एक कमरे में रोक लिया और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.

पुलिस और शिक्षा विभाग ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना पर शिकारपुर थाना के एसआई जीवेश कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निशा कुमारी ने मामले की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) डॉ. संजय कुमार को दी. इसके बाद बीईओ भी पुलिस टीम के साथ विद्यालय पहुंचे और अभिभावकों तथा ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया.

दो शिक्षक निलंबित, अन्य का होगा स्थानांतरण

बीईओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होने पर संबंधित शिक्षक और शिक्षिका को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि विद्यालय का शैक्षणिक माहौल सामान्य बनाए रखने के उद्देश्य से प्रधानाध्यापिका को छोड़कर विद्यालय के अन्य नौ शिक्षकों का दूसरे विद्यालयों में स्थानांतरण किया जाएगा.

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

घटना के बाद कुछ समय तक विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा. हालांकि पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई. शिक्षा विभाग के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >