Narkatiaganj Girl Murder Case:  झाड़ियों से बरामद शव की हुई पहचान, लापता किशोरी की हत्या से आक्रोश; सहेली हिरासत में

Narkatiaganj Girl Murder Case: नरकटियागंज में झाड़ियों से बरामद अज्ञात शव की पहचान लापता किशोरी खुशी के रूप में हुई है. परिजनों ने सहेली पर घर से बुलाने और एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस सहेली को हिरासत में लेकर जांच कर रही है. जानिए पूरी खबर…

नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट

Narkatiaganj Girl Murder Case: नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र के अमवा टोला गांव के सरेह स्थित झाड़ियों से बरामद अज्ञात युवती के शव की पहचान हो गई है. मृतका की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के डीके शिकारपुर निवासी रितेश सहनी की 14 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में की गई है. वह शनिवार से लापता थी. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस हत्या, अपहरण और दुष्कर्म जैसे सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच में जुट गई है.

झाड़ियों से बरामद हुआ दो दिन पुराना शव 

ग्रामीणों को रविवार को झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर शव होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. प्रारंभिक जांच के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना था और जानवरों ने उसे काफी नुकसान पहुंचाया था. मृतका पंडई चौक के पास एक सरकारी स्कूल में पढ़ती थी. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी को लेकर रविवार को ही शिकारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

घर से बुलाकर ले जाने वाली सहेली हिरासत में 

मृतका के परिजनों का आरोप है कि साठी थाना क्षेत्र के रामपरसौना गांव निवासी खुशी की एक सहेली उसे घर से बुलाकर ले गई थी. इसके बाद से खुशी वापस नहीं लौटी. पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने उक्त सहेली को हिरासत में ले लिया है. इसके अलावा परिजनों ने स्कूल आते-जाते समय एक युवक द्वारा छेड़खानी करने की बात भी पुलिस को बताई है, जिसका खुशी ने विरोध किया था.

पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार 

शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है. किशोरी के साथ किसी तरह की ज्यादती हुई है या नहीं, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा. इधर, मृतका के पिता भी पिछले सात महीनों से मेरठ से लापता हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >