Narkatiyaganj news: नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में हाल ही में उपलब्ध करायी गयी बायोकैमिस्ट्री एनालाइजर ऑटोमेटिक जांच मशीन को दूसरी जगह भेजे जाने की कथित तैयारी को लेकर भाजपा विधायक संजय पाण्डेय ने सरकार और सरकारी सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विधायक ने शुक्रवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी और मशीन को नरकटियागंज से हटाने का कड़ा विरोध किया.
31 जुलाई को अस्पताल को मिली थी मशीन
विधायक संजय पाण्डेय ने बताया कि सरकार की ओर से 31 जुलाई को नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल को बायोकैमिस्ट्री एनालाइजर ऑटोमेटिक जांच मशीन उपलब्ध करायी गयी थी. अस्पताल प्रशासन ने मशीन को रिसीव भी कर लिया है. मशीन की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि मशीन के संचालन के लिए सरकार की ओर से टेक्नीशियन और ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गयी है. मशीन लगाने के लिए कारीगर अस्पताल पहुंच चुके हैं. वहीं, स्थापना के लिए अस्पताल में कमरा चिन्हित कर उसका रंग-रोगन भी कराया गया है.
एक घंटे में 120 सैंपल की जांच, 480 प्रकार के टेस्ट का दावा
विधायक के अनुसार, मशीन स्थापित होने के बाद नरकटियागंज अनुमंडल क्षेत्र के मरीजों के साथ आसपास के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा. मरीजों को जांच के लिए बेतिया या दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने बताया कि मशीन से एक घंटे में करीब 120 सैंपल की जांच की जा सकती है. इसके माध्यम से करीब 480 प्रकार की जांच संभव है. ऐसे में अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
‘मशीन दूसरी जगह भेजने की साजिश बर्दाश्त नहीं’
संजय पाण्डेय ने आरोप लगाया कि मशीन अस्पताल को उपलब्ध कराये जाने और स्थापना की तैयारी पूरी होने के बावजूद सरकारी सिस्टम में बैठे कुछ लोगों की ओर से इसे नरकटियागंज से दूसरी जगह भेजने की साजिश की जा रही है. विधायक ने कहा कि वे मशीन को नरकटियागंज से दूसरी जगह नहीं ले जाने देंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मशीन को हटाने का प्रयास किया गया तो वे इसका कड़ा विरोध करेंगे.
फैसला वापस नहीं हुआ तो अस्पताल गेट पर देंगे धरना
भाजपा विधायक ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मशीन को दूसरी जगह भेजने के कथित निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो वे नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल के गेट पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करेंगे.प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता राजेश जायसवाल, पार्षद बबलू सर्राफ, बीस सूत्री अध्यक्ष रंजन ओझा, बल्लू तिवारी, ननकू पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे.