बंधन बैंक में अचानक बजने लगा इमरजेंसी सायरन, पहुंची पुलिस तो ये मामला आया सामने

नरकटियागंज के बंधन बैंक में बुधवार देर रात अचानक इमरजेंसी सायरन बजने से अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बैंक अधिकारियों से पूछताछ की. सायरन बजने की वजह जानकर लोग हैरान रह गए.

West Champaran News: नरकटियागंज शहर के मेन रोड स्थित बंधन बैंक में बुधवार देर रात अचानक इमरजेंसी सायरन बजने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग, राहगीर और बैंक परिसर के समीप संचालित शिक्षा लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्र घबरा गए. लोगों ने तत्काल शिकारपुर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर बैंक की जांच में जुट गई.

Narkatiaganj News: पुलिस ने बैंक परिसर की जांच की

सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना के एसआई अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बैंक अधिकारियों को बुलाकर बैंक परिसर की गहन जांच की. इस दौरान बैंक के असिस्टेंट मैनेजर शिवम श्रीवास्तव भी पहुंचे. जांच में चोरी, सेंधमारी या किसी संदिग्ध गतिविधि के कोई साक्ष्य नहीं मिले.

 सेंसर की तकनीकी गड़बड़ी से बजा सायरन

असिस्टेंट मैनेजर शिवम श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक के सुरक्षा सेंसर के पास यदि चूहा या कोई छोटा कीड़ा भी गुजर जाता है तो कई बार तकनीकी कारणों से इमरजेंसी सायरन सक्रिय हो जाता है. उन्होंने बताया कि इस तकनीकी समस्या की रिपोर्ट बैंक मुख्यालय को भेज दी गई है, ताकि सेंसर को जल्द दुरुस्त कराया जा सके.

पुलिस ने लोगों से नहीं घबराने की अपील की

शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था. बैंक की पूरी जांच के दौरान कोई अप्रिय या संदिग्ध बात सामने नहीं आई. फिलहाल मामला तकनीकी कारणों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.

यह भी पढ़ें: मगरमच्छ ने छीनी किसान की जान, चार दिन बाद नदी से मिला शव, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >