सांसद ने किया विशेष सहयोग शिविर का उद्घाटन,मझौलिया के चार पंचायतों में उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़

मझौलिया प्रखंड में विशेष सहयोग शिविर का भव्य उद्घाटन बेतिया सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल ने किया. ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान हुआ. विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल पर सैकड़ों आवेदन लिए गए.

बेतिया के मझौलिया से संजय कुमार पांडे की रिपोर्ट

Majhaulia Sahyog Shivir: पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड अंतर्गत विशंभरपुर पंचायत में आयोजित विशेष सहयोग शिविर का भव्य उद्घाटन बेतिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर आयोजित शिविरों में अपनी समस्याओं के समाधान और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. प्रशासन द्वारा ऑन द स्पॉट आवेदनों के निपटारे की व्यवस्था से लोगों में काफी उत्साह देखा गया.

जनता को नहीं लगाना पड़ेगा प्रखंड कार्यालय का चक्कर:सांसद

अपने उद्घाटन संबोधन में सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल ने कहा कि आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन के लिए ही इन विशेष सहयोग शिविरों का आयोजन ग्रामीण स्तर पर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शिविर में प्रखंड के सभी जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद हैं,जो जनता की समस्याओं से संबंधित आवेदनों को सीधे निष्पादित करेंगे. इससे आम जनता को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा.

चार पंचायतों में विभिन्न विभागों के स्टॉल पर लिए गए आवेदन 

प्रखंड के विशंभरपुर,मझरिया शेख,अहवर कुड़िया तथा सेनुवरिया पंचायतों में एक साथ इस विशेष सहयोग शिविर का सफल आयोजन किया गया. शिविर में शिक्षा विभाग,बिजली विभाग,आपूर्ति विभाग,स्वास्थ्य विभाग,नलकूप विभाग,श्रम विभाग,कल्याण विभाग,स्वच्छता मिशन और कृषि विभाग के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे. यहाँ वृद्धावस्था पेंशन,आय,मृत्यु,जन्म और निवास प्रमाण पत्र संबंधी समस्याओं के निष्पादन के लिए सैकड़ों आवेदन लिए गए और उनका त्वरित निष्पादन करते हुए लाभुकों को उपलब्ध कराया गया.

बीडीओ और थानाध्यक्ष समेत जनप्रतिनिधियों की सराहनीय भूमिका 

इस विशेष सहयोग शिविर के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन में मझौलिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉक्टर राजीव रंजन कुमार,थानाध्यक्ष अमर कुमार,प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हाफिजुर रहमान,प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी जयप्रकाश मौर्य और प्रखंड कृषि पदाधिकारी अबू लैस अनवर की भूमिका बेहद सराहनीय रही. इसके साथ ही स्थानीय मुखिया,जिला परिषद सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों व सरकारी कर्मियों ने भी मुस्तैद रहकर आम जनता को सहूलियत पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >