नरकटियागंज: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज-गौनाहा रेलखंड पर शुक्रवार सुबह 63362 नरकटियागंज-गौनाहा मेमू ट्रेन इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक बीच रास्ते में खड़ी रही. ट्रेन नंदपुर ढाला के पास रुक गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, रेलवे फाटक बंद रहने से सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ.
नंदपुर ढाला के पास अचानक रुक गई ट्रेन
जानकारी के अनुसार मेमू ट्रेन सुबह 5:50 बजे निर्धारित समय पर नरकटियागंज जंक्शन से गौनाहा के लिए रवाना हुई थी. लेकिन नंदपुर ढाला पहुंचते ही इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और ट्रेन को बीच रास्ते में रोकना पड़ा.
यात्रियों में बढ़ी चिंता
यात्री किशुन महतो, सुनैना देवी और विकास कुमार ने बताया कि शुरुआत में लगा कि किसी सामान्य कारण से ट्रेन रुकी है, लेकिन काफी देर तक ट्रेन नहीं चलने पर पता चला कि इंजन में तकनीकी खराबी आ गई है.
रेल अधिकारियों ने मौके पर संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन), मुख्य लोको निरीक्षक संतोष कुमार, स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद कलीम समेत अन्य रेल अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची. चालक रंजय कुमार और तकनीकी कर्मचारियों ने इंजन की जांच कर खराबी दूर करने का काम शुरू किया.
डेढ़ घंटे बाद रवाना हुई ट्रेन
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद इंजन की तकनीकी खराबी दूर कर ट्रेन को फिर से गौनाहा के लिए रवाना किया गया. इस दौरान यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा, जबकि नंदपुर ढाला पर ट्रेन खड़ी रहने से सड़क यातायात भी बाधित रहा.
यह भी पढे़ं: बेतिया-गोपालगंज सड़क पर धंसा पुलिया का अप्रोच, बढ़ा हादसे का खतरा