Bettiah Crime: सीरिसिया ओपी क्षेत्र के सीरिसिया अड्डा चौक के समीप रविवार की रात एक राजमिस्त्री की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी. मृतक की पहचान सीरिसिया अड्डा वार्ड संख्या नौ निवासी झामु पटेल (30) के रूप में हुई है. वह मोतीलाल पटेल का पुत्र था. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मजदूर को घर छोड़कर लौट रहा था
जानकारी के अनुसार, झामु पटेल रविवार रात करीब आठ बजे अपने साथ काम करने वाले मजदूर रामायन यादव को बाइक से उसके घर छोड़ने गया था. रामायन यादव इकरहिया वार्ड संख्या 12 का निवासी है. उसे घर छोड़ने के बाद झामु बाइक से वापस लौट रहा था.
बताया जाता है कि सीरिसिया अड्डा चौक से उत्तर नहर के पास, रामायन के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर अज्ञात लोगों ने झामु पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उसकी पीठ और पेट में गंभीर चोटें आयीं. परिजनों के अनुसार, पेट में चाकू का वार इतना गंभीर था कि उसकी आंत बाहर निकल गयी थी. घटनास्थल मृतक के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है.
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
झामु पटेल अपने पीछे पत्नी संजू देवी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है. उसके दो बेटे युवराज कुमार (6) और अमित कुमार (2), जबकि दो बेटियां सपना कुमारी (8) और निशु कुमारी (4) हैं. झामु चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था.
मृतक के बड़े भाई मोहन पटेल ने बताया कि गांव के कुछ युवक उनके पास एक वीडियो लेकर पहुंचे थे. वीडियो के आधार पर ही परिवार ने मृतक की पहचान की. इसके बाद वीडियो दिखाने वाले युवक वहां से चले गये.
डेढ़ कट्ठा जमीन को लेकर विवाद का आरोप
मृतक के बड़े भाई ने हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जतायी है. उनका कहना है कि सरेह में करीब डेढ़ कट्ठा जमीन को लेकर गांव के गोलू कुमार और उसके परिजनों से विवाद चल रहा था. परिजनों के अनुसार, करीब एक माह पहले मृतक के पिता मोतीलाल पटेल के साथ भी मारपीट की गयी थी. इस मामले में सीरिसिया ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.
परिजनों का आरोप है कि करीब आठ दिन पहले इस मामले के गवाह रामायन यादव को भी गवाही नहीं देने और केस वापस लेने की धमकी दी गयी थी. परिवार ने इसी विवाद में गोलू कुमार, उसके चाचा भुनेश्वर पांडेय और अन्य लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस ने आरोपों की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस ने मजदूर से की पूछताछ
मजदूर रामायन यादव ने बताया कि वह और झामु पटेल साथ में काम करते थे. देर हो जाने के कारण झामु उसे बाइक से घर छोड़ने आया था. घर छोड़ने के बाद वह वापस चला गया था. रामायन के अनुसार, रात करीब एक बजे पुलिस उसके घर पहुंची और घटना को लेकर पूछताछ की.
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हत्या के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गये आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: आगे अर्थी, पीछे आर्केस्ट्रा... 108 साल के बुजुर्ग की अंतिम यात्रा देख हैरान हो जाएंगे आप
