नरकटियागंज मर्डर न्यूज: नगर के प्रकाशनगर वार्ड 11 में किराये के मकान में रह रही 35 वर्षीय विवाहिता गुड़िया देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान वार्ड 1 निवासी आशीष जायसवाल उर्फ सिकु की पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है. मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
बेटे के साथ किराए के मकान में रहती थी गुड़िया
बताया जाता है कि गुड़िया देवी अपने 11 वर्षीय बेटे के साथ प्रकाशनगर वार्ड 11 स्थित किराये के मकान में रहती थी. उसकी मां अंजना देवी भी बेटी से मिलने के लिए वहां आती-जाती थी. घटना वाली रात गुड़िया का 11 वर्षीय बेटा और इसकी नानी अंजना देवी चीनी मिल रोड स्थित अपने घर चले गये थे. इसके बाद गुड़िया किराये के मकान में अकेली रह गयी थी.
रात में आया पति, सुबह मौत की खबर
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान रात में गुड़िया का पति वहां पहुंचा था. इसके बाद ही उसकी हत्या कर दी गयी. हालांकि, पति के आने और हत्या में उसकी भूमिका को लेकर लगाये गये आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद से पुलिस कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
चार दिन पहले पति से हुआ था विवाद
गुड़िया की मां अंजना देवी और बहन वर्षा देवी ने पुलिस को बताया कि करीब चार दिन पहले गुड़िया का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद की जानकारी गुड़िया ने अपने मायके वालों को दी थी. परिजनों का कहना है कि इसके बाद गुड़िया की मौत की खबर सामने आ गयी.
बेटी की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही शिकारपुर पुलिस प्रकाशनगर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. विवाहिता की मौत के बाद उसके मायके में कोहराम मचा है. मां अंजना देवी और बहन वर्षा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
मामले की हर पहलू पर जांच: एसडीपीओ
एसडीपीओ प्रसन्ना एमवी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. मामले के हर पहलू की जांच करायी जा रही है. जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और इसमें शामिल लोगों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आयेगी.