West Champaran News: नरकटियागंज प्रखंड के हरसरी पुरैनिया गांव में घर की सफाई के दौरान एक युवक को जहरीले कोबरा ने हाथ में डस लिया. घटना के बाद युवक घबराने के बजाय सावधानी बरतते हुए कोबरा को एक डिब्बे में बंद कर अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज पहुंच गया. युवक के हाथ में जिंदा कोबरा देखकर अस्पताल में डॉक्टर, मरीज और परिजन भी हैरान रह गए.
Narkatiaganj News: घर की सफाई के दौरान कोबरा ने डसा
हरसरी पुरैनिया गांव निवासी धनजीत कुमार मिश्र घर की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक जहरीले कोबरा ने उनके हाथ में डस लिया. सांप के काटने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं खोई और सावधानी से कोबरा को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया.
इसके बाद वह उपचार के लिए सीधे अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज पहुंच गए.
डिब्बे में जिंदा कोबरा देखकर अस्पताल में मची हलचल
अस्पताल पहुंचने पर युवक के हाथ में बंद डिब्बे में जिंदा कोबरा देखकर चिकित्सक, मरीज और उनके परिजन हैरान रह गए. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गयी. कुछ ही देर में यह घटना अस्पताल में चर्चा का विषय बन गयी.
समय पर इलाज से युवक की हालत सामान्य
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि युवक का तत्काल इलाज शुरू किया गया. समय पर अस्पताल पहुंचने और आवश्यक उपचार मिलने के कारण उसकी हालत फिलहाल सामान्य है. एहतियात के तौर पर उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है.
सांप काटने पर झाड़-फूंक में समय न गंवाएं
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपायों में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए. पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराना सबसे सुरक्षित उपाय है.
डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उचित इलाज मिलने से सांप के काटने के अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है.
यह भी पढ़ें: प्यार, विरोध और दो मौतें: 7 जन्म साथ निभाने का वादा, महज 5 महीने में उजड़ गई जिंदगी, प्रेम विवाह का खौफनाक अंत
