रक्षाबंधन पर लौरिया में थमी जिंदगी की रफ्तार, चारों ओर गाड़ियों का रेला, घंटों तक महाजाम

सड़क पर फंसे वाहन

रक्षाबंधन की खरीदारी और आवाजाही के कारण लौरिया में शुक्रवार सुबह से ही भीषण जाम लग गया. लौरिया-रामनगर, लौरिया-नरकटियागंज, लौरिया-बगहा और बेतिया-लौरिया एनएच-727 पर वाहन घंटों फंसे रहे. क्षतिग्रस्त डायवर्सन और बढ़े ट्रैफिक दबाव ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी.

Bettiah news: रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को लौरिया में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. सुबह करीब नौ बजे से ही शहर के चारों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गयी. लौरिया-रामनगर, लौरिया-नरकटियागंज, लौरिया-बगहा और बेतिया-लौरिया एनएच-727 पर कई जगह वाहन घंटों जाम में फंसे रहे. स्थिति यह रही कि कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को काफी समय लग गया.


फुटपाथ पर सजे दुकान, सड़क पर फंसे रहे लोग

रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही लौरिया बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी. राखी, मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर भीड़ के साथ सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया. बड़ी संख्या में लोग बाइक, कार, ऑटो और अन्य वाहनों से रिश्तेदारों के घर जाने के लिए निकले थे. त्योहार की भीड़ के बीच बढ़े ट्रैफिक दबाव ने पहले से बदहाल यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी.


क्षतिग्रस्त डायवर्सन बना जाम की बड़ी वजह

लौरिया में जाम की समस्या को और गंभीर बनाने में क्षतिग्रस्त डायवर्सन की भी बड़ी भूमिका रही. डायवर्सन की खराब स्थिति के कारण वाहनों को धीमी गति से गुजरना पड़ा. भारी वाहनों के आने-जाने के दौरान स्थिति और बिगड़ गयी. एक बार डायवर्सन पर वाहनों की रफ्तार थमी तो पीछे से आने वाले वाहनों की कतार लगातार लंबी होती चली गयी. मुख्य मार्ग पर जाम बढ़ने के बाद कई चालकों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया, लेकिन वहां भी वाहनों का दबाव बढ़ गया.


पुलिस ने संभाला मोर्चा, फिर भी नहीं मिली जल्द राहत

जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गये. वाहनों को कतारबद्ध कर एक-एक कर निकालने का प्रयास किया गया. कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. हालांकि वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण यातायात सामान्य होने में काफी समय लगा.


जाम में फंसे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग

राखी बांधने और त्योहार मनाने के लिए घरों से निकले लोग जाम में फंसे रहे. गर्मी और उमस के बीच महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हुई. कई यात्रियों को जाम के कारण अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी विलंब हुआ. जाम में फंसे लोगों का कहना था कि रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार को देखते हुए प्रशासन को पहले से यातायात की विशेष व्यवस्था करनी चाहिए थी.


त्योहार आते ही बढ़ जाती है जाम की समस्या

स्थानीय लोगों के अनुसार लौरिया में त्योहारों के दौरान जाम की समस्या हर बार सामने आती है. बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण, सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों का ठहराव, बढ़ता ट्रैफिक दबाव और क्षतिग्रस्त डायवर्सन इसके प्रमुख कारण हैं. लोगों ने प्रशासन से बाजार और प्रमुख चौराहों पर स्थायी यातायात व्यवस्था करने, डायवर्सन को दुरुस्त कराने तथा बड़े त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कौशिक उर्फ राजा मिश्रा

कौशिक कुमार उर्फ राजा मिश्रा ने वर्ष 2011 में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड से प्रभात खबर के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की. सामाजिक, राजनीतिक और विकास से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना इनकी पहचान रही है. बंद पड़ी लौरिया चीनी मिल को चालू कराने तथा एचपीसीएल परियोजना जैसे जनहित के विषयों पर भी वें लगातार सक्रिय रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >