Bagaha News: वाल्मीकिनगर से हेली सेवा शुरू होने पर वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास और पर्यटन के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है. उन्होंने कहा कि इस सेवा को शुरू कराने के लिए वह पिछले दो वर्षों से लगातार प्रयास कर रहे थे.
लोकसभा से मंत्रालय तक लगातार उठाया मुद्दा
सांसद ने बताया कि लोकसभा में मामला उठाने के बाद 29 जुलाई 2024 को उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की सचिव रुबीना अली से मुलाकात कर एयरपोर्ट निर्माण की पहल की थी. इसके बाद 6 फरवरी 2025 को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन से मिलकर बाल्मीकिनगर हवाई अड्डे के विकास और छोटे घरेलू विमानों के संचालन का अनुरोध किया.
उड़ान योजना में मिला स्थान, एयरपोर्ट विकास का रास्ता साफ
सांसद ने कहा कि उनके प्रयासों के बाद आम बजट 2025-26 में उड़ान योजना के तहत बिहार के छह हवाई अड्डों के विकास की घोषणा की गई, जिसमें बाल्मीकिनगर को भी शामिल किया गया. उन्होंने बताया कि 38.64 करोड़ रुपये की लागत से टर्मिनल भवन और रनवे निर्माण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने निविदा जारी कर दी है. एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है.
18 जुलाई से सप्ताहांत में मिलेगी हेली सेवा
सांसद के अनुसार, 18 जुलाई से प्रत्येक शनिवार और रविवार को बाल्मीकिनगर से पटना के लिए नियमित हेली सेवा संचालित होगी. एक तरफ का किराया 5,000 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है.
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
सांसद ने कहा कि हवाई संपर्क शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी. इससे वाल्मीकिनगर और चंपारण क्षेत्र में पर्यटन के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा.
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया.
