Bettiah News: पश्चिम चंपारण में इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान-2026 को "वंदे मातरम् के 150 वर्ष" की थीम पर आयोजित किया जाएगा. अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी विभागों और संबंधित पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. 12 अगस्त को समाहरणालय परिसर से हरिवाटिका चौक स्थित गांधी प्रतिमा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.
12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार 12 अगस्त को सुबह 10 बजे समाहरणालय परिसर से हरिवाटिका चौक स्थित गांधी प्रतिमा तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. यात्रा में विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है.
वंदे मातरम् के 150 वर्ष की थीम पर होगा आयोजन
हर घर तिरंगा अभियान-2026 का मुख्य विषय "वंदे मातरम् के 150 वर्ष" रखा गया है. अभियान के दौरान तिरंगा एवं वंदे मातरम् विषयक प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान और "सेल्फी विद तिरंगा" जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
स्कूल-कॉलेजों में होंगे विशेष कार्यक्रम
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें ध्वजारोहण, सामूहिक वंदे मातरम् गायन, तिरंगा रंगोली, ऑनलाइन क्विज, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं शामिल हैं.
हर प्रखंड में बांटे जाएंगे 4,000 तिरंगे
अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में जीविका के माध्यम से कम से कम 4,000 राष्ट्रीय ध्वजों का वितरण कराया जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों और संस्थानों तक तिरंगा पहुंचाकर अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाना है.
कार्यक्रमों का प्रतिवेदन पोर्टल पर होगा अपलोड
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही आयोजित कार्यक्रमों की गतिविधियों और प्रगति का प्रतिवेदन प्रतिदिन संबंधित पोर्टल पर अपलोड कराने को कहा गया है.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में बाढ़ और उफनते नाले के बीच एसएसबी जवानों की ड्यूटी, पुल के अभाव में बढ़ी मुश्किल
