बेतिया में स्वर्ण कारोबारी को गोली मारकर लूटने वाला गिरोह पकड़ा गया, इनामी बदमाश समेत दो गिरफ्तार

बेतिया पुलिस ने स्वर्ण कारोबारी गोविंद साह को गोली मारकर सोना-चांदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. अंतरजिला लूटकांड का 5 हजार का इनामी बदमाश दीपक कुमार समेत दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाइक भी बरामद की है.

Bettiah News: बेतिया. सिरिसिया थाना क्षेत्र में स्वर्ण कारोबारी गोविंद साह को गोली मारकर सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें अंतरजिला लूटकांड का पांच हजार रुपये का इनामी अपराधी दीपक कुमार भी शामिल है. दोनों आरोपियों को 8 सितंबर को पारसा नवका पुल के पास से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, इनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की गयी है.

31 अगस्त की रात स्वर्ण कारोबारी को मारी गयी थी गोली

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात स्वर्ण कारोबारी गोविंद साह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान दोकनपुर छोटी नहर के पास मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया.

इसके बाद अपराधियों ने उनके पास मौजूद सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया. घटना के संबंध में सिरिसिया थाना कांड संख्या 170/26 दर्ज किया गया था.

CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग

एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि घटना के उद्भेदन के लिए सदर-1 और सदर-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.

इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ायी. पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों से पूछताछ के दौरान भी पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले.

बेलवनवा और बलुआ परेगवा से दो आरोपी गिरफ्तार

जांच के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बेलवनवा निवासी मुसाफिर अंसारी और बलुआ परेगवा निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया. दोनों की उम्र क्रमश: 18 और 19 वर्ष बतायी गयी है.

पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार अंतरजिला लूटकांड में पांच हजार रुपये का इनामी अपराधी था. दोनों को 8 सितंबर को पारसा नवका पुल के पास से पकड़ा गया.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया है. इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है.

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद सामान का इस्तेमाल स्वर्ण कारोबारी से लूट की घटना में किया गया था या नहीं.

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, मुसाफिर अंसारी के खिलाफ योगापट्टी थाना कांड संख्या 82/26 और सिरिसिया थाना कांड संख्या 170/26 दर्ज है.

वहीं दीपक कुमार के खिलाफ योगापट्टी थाना कांड संख्या 82/26, सुगौली थाना कांड संख्या 38/26 और सिरिसिया थाना कांड संख्या 170/26 दर्ज है. पुलिस के मुताबिक वह पहले से अंतरजिला लूटकांड में वांछित था.

अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लूटकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गयी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दीपक कुमार ने योगापट्टी और सुगौली थाना क्षेत्र में साथियों के साथ लूट और छिनतई की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी भी दी है. मामले में आगे की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें: बेतिया के सिकटा में सवारी लेकर आ रहा था तांगा चालक, रास्ते में बिगड़ी तबीयत, घोड़ा गाड़ी पर ही थमी सांस

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >