Bettiah News: बेतिया. राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में गुरुवार को नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित के निरीक्षण के दौरान सफाई, दवा वितरण, जांच सेवाओं, सुरक्षा और कर्मियों की उपस्थिति से जुड़ी कई कमियां सामने आयीं. नगर आयुक्त के साथ वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री भी मौजूद रहीं. अधिकारियों ने ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण केंद्र, स्टोर रूम सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और मरीजों व उनके परिजनों से सीधे अस्पताल की व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया.
अस्पताल में सफाई व्यवस्था मिली असंतोषजनक
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पायी गयी. बाथरूम सहित कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जतायी.
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बाथरूम और पूरे परिसर की नियमित सफाई कराने के साथ इसकी लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों के लिए अस्पताल का साफ और व्यवस्थित रहना जरूरी है.
जीएमसीएच की दवा ही मरीजों को लिखने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मरीजों और उनके परिजनों से दवा की उपलब्धता को लेकर भी जानकारी ली. फीडबैक मिलने के बाद चिकित्सकों को निर्देश दिया गया कि जीएमसीएच में उपलब्ध दवाएं ही मरीजों के लिए लिखी जाएं.
ऐसी दवाएं नहीं लिखने को कहा गया, जिन्हें खरीदने के लिए मरीजों के परिजनों को बाहर जाना पड़े. इसके साथ ही अस्पताल में उपलब्ध दवाओं और चिकित्सा सामग्रियों की अद्यतन सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने तथा जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
कई जांच सेवाएं बंद मिलीं
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कई तरह की जांच सेवाएं बंद मिलीं. इस पर अस्पताल प्रबंधन ने अधिकारियों को बताया कि तकनीकी कर्मियों के पद रिक्त रहने के कारण जांच सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
प्रबंधन ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग से आग्रह किया गया है. अधिकारियों ने जांच सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया.
सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों की भीड़ पर भी सख्ती
अधिकारियों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिये. ओपीडी के अलावा विभिन्न विभागों के गेट पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगने देने को कहा गया.
मरीज के साथ एक से अधिक लोगों के प्रवेश से चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसे भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. अस्पताल में भीड़ को नियंत्रित रखने और मरीजों को बेहतर सुविधा देने पर जोर दिया गया.
ड्यूटी से गायब मिला ऑपरेटर, काटी गयी उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान एक ऑपरेटर उपस्थिति दर्ज कराने के बाद ड्यूटी से गायब मिला. अधिकारियों ने उसकी उपस्थिति काट दी.
नगर आयुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को कर्मियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करने और ड्यूटी में लापरवाही रोकने का निर्देश दिया. अस्पताल की कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
दोबारा होगा अस्पताल का निरीक्षण
नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल की दोबारा जांच की जाएगी और यह देखा जाएगा कि दिए गये निर्देशों के बाद व्यवस्था में कितना सुधार हुआ है.
निरीक्षण जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर किया गया. अधिकारियों ने चिकित्सा व्यवस्था, दवा की उपलब्धता, साफ-सफाई, जांच सेवाएं, सुरक्षा और कर्मियों की उपस्थिति समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की.
यह भी पढ़ें: नवलपुर में बाढ़ के बाद बढ़ा बीमारी का खतरा, मेडिकल टीम ने घर-घर जाकर की स्वास्थ्य जांच और बांटी दवाएं