सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण का जलवा, बालिका टीम फाइनल में, बालक क्वार्टर फाइनल में

राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण की बालिका और बालक टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है. अंडर-17 बालिका वर्ग ने फाइनल में जगह बनाई है, जबकि बालक वर्ग क्वार्टर फाइनल में पहुँचा है.

Bettiah News: राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण की बालिका और बालक टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है. अंडर-17 बालिका वर्ग में टीम ने पहले कैमूर को 8-0 से हराया और फिर मेजबान समस्तीपुर को पराजित कर फाइनल में जगह बना ली. वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में सिवान को 2-0 से हराकर टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया.

समस्तीपुर में खेले गए बालिका वर्ग के मुकाबले में पश्चिम चंपारण की ओर से प्रीति कुमारी ने दूसरे मिनट में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद टीम ने लगातार आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. प्रीति ने हैट्रिक लगाई, जबकि बिंदिया कुमारी और रितिका कुमारी ने दो-दो तथा गीता कुमारी ने एक गोल कर टीम को 8-0 की बड़ी जीत दिलाई.

मेजबान समस्तीपुर को हराकर फाइनल में पहुंची टीम

सेमीफाइनल में पश्चिम चंपारण की बालिका टीम ने मेजबान समस्तीपुर के खिलाफ भी शानदार खेल दिखाया. अनु कुमारी ने पहला और प्रीति कुमारी ने दूसरा गोल कर टीम को फाइनल का टिकट दिलाया. अब पश्चिम चंपारण की टीम खिताब जीतने के लिए फाइनल मुकाबले में उतरेगी.

बालिका टीम की सभी खिलाड़ी गौनाहा प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय बखरी की छात्राएं हैं.

बालक टीम ने सिवान को 2-0 से हराया

किशनगंज में आयोजित अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले में अजीत कुमार ने 18वें मिनट में गोल कर पश्चिम चंपारण को बढ़त दिलाई. मध्यांतर के बाद सिवान की टीम ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन गोलकीपर अनिल कुमार ने शानदार बचाव किया. इसके बाद राज कुमार ने दूसरा गोल दागकर टीम की जीत पक्की कर दी.

खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर जिला खेल पदाधिकारी ने जताई खुशी

बालक टीम के सभी खिलाड़ी एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण राज संपोषित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हर्नाटांड़ के छात्र हैं. जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन उनकी प्रतिभा, अनुशासन और प्रदर्शन के आधार पर किया गया था. उन्होंने दोनों टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि पश्चिम चंपारण की टीमें आगे भी राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगी.

यह भी पढ़ें: छात्र जदयू नेता ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की मुलाकात, एमजेके कॉलेज के मुद्दे उठाए


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >