सभी मतदान केंद्रों पर गठित करें बूथ अवेयरनेस ग्रुप, चुनाव पाठशाला का आयोजन करें बढ़ाये सक्रियता

भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के चुनाव आयुक्त का पश्चिम चम्पारण जिला में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है.

बेतिया. भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के चुनाव आयुक्त का पश्चिम चम्पारण जिला में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसकी तैयारी तथा निर्वाचन से संबंधित अन्य विषयों के दृष्टिगत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम दिनेश कुमार राय की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में बैठक हुयी. बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे. डीएम ने निर्देश दिया कि बीएलओ के कार्यों के अनुश्रवण करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निदेश के आलोक में प्रत्येक 10 मतदान केन्द्रों पर एक बीएलओ सुपरवाइजर की नियुक्ति कर उन्हें निर्वाचन कार्य के लिए सक्रिय करें. उन्होंने निर्देश दिया कि नई दिल्ली से प्रशिक्षण प्राप्त बीएलओ द्वारा विधान सभा के अन्य बीएलओ को प्रशिक्षित किया जाना है. सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उक्त प्रशिक्षण का सफल आयोजन कर प्रशिक्षण से संबंधित सभी साक्ष्य एवं फोटो को सुरक्षित रखना सुनिश्चित करेंगे. डीएम ने निर्देश दिया कि सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक माह मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष/सचिवों के साथ बैठक की जानी है, एवं इससे संबंधित फोटो, बैठक की कार्यवाही एवं अन्य दस्तावेज को सुरक्षित रखा जाना है. प्रत्येक विधान सभा के लिंगानुपात एवं ईपी रेसियो में सुधार करने की ठोस कार्रवाई करें. इस लिए सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रत्येक मतदान केन्द्र पर लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्ययोजना बनाना सुनिश्चित करें तथा लगातार बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करें. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान केन्द्रों पर मृत एवं दोहरी प्रविष्टि के निर्वाचकों की पहचान करते हुए उनको विलोपित करना अतिआवश्यक है. इस कार्य के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नियमित रूप से बीएलओ के कार्यों की समीक्षा एवं पर्यवेक्षण करेंगे. इसके अतिरिक्त सभी बीएलओ द्वारा मतदान केन्द्र में मिसिंग इलेक्टर्स की पहचान कर विलोपन हेतु कार्रवाई करेंगे. डीएम ने कहा कि प्रायः यह देखा जा रहा है कि कई बीएलओ निर्वाचन कार्यों में अभिरूचि नहीं ले रहे हैं, जिससे मतदाता सूची की शुद्धिकरण में दिक्कते आ रही है. सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निर्देश है कि ऐसे बीएलओ को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध कार्रवाई की अनुशंसा के साथ बीएलओ को बदलने हेतु कार्रवाई करेंगे. इसके साथ ही आगामी विधान सभा आम निर्वाचन के लिए सेक्टर पदाधिकारी को चिन्हित कर लें.

———————

बहिष्कार वाले मतदान केंद्रों की होगी समीक्षा

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूर्व चुनावों में जिन मतदान केन्द्रों पर मतदान का बहिष्कार किया गया था, वैसे सभी मतदान केन्द्रों पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्वयं जाकर बहिष्कार के कारणों एवं उसके उन्मूलन के लिए की गई कार्रवाई की समीक्षा करेंगे. साथ ही इस बात का ध्यान रखा जायेगा कि किसी नये मतदान केन्द्र पर आगामी विधान सभा आम निर्वाचन में मतदान का बहिष्कार न हो. उन्होंने निर्देश दिया कि 1200 निर्वाचकों की संख्या के आधार पर मतदान केन्द्रों की युक्तिकरण हेतु सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपेक्षित तैयारी करना सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान केन्द्रों पर एएमएफ अर्थात बिजली, पेयजल, रैम्प, शौचालय, शेड इत्यादि की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु अभी से प्रयास शुरू करें.

———————-

चलेंगे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

डीएम ने कहा कि आगामी विधान सभा निर्वाचन अंतर्गत मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मिशन मोड में कार्य करें. कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर स्वीप अन्तर्गत गहन अभियान चलाते हुए उक्त लक्ष्य की प्राप्ति करें. सभी मतदान केन्द्रों पर बूथ अवेयरनेस ग्रुप एवं चुनाव पाठशाला का गठन कर उन्हें सक्रिय करें. सभी मतदान केन्द्रों पर पीडब्ल्यूडी निर्वाचकों को चिन्हित किया जाना है ताकि मतदान की तिथि को उन्हें आवश्यक सुविधा प्रदान की जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >