West Champaran News: लगातार बारिश और वाल्मीकिनगर बराज से छोड़े जा रहे पानी के कारण पश्चिम चंपारण के योगापट्टी, नवलपुर, नौतन और बैरिया प्रखंडों के दियारा इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. कई पंचायतों के गांव पानी से घिर गए हैं. घर-आंगन में पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है, जबकि कई जगह सड़क और पुल के एप्रोच पथ ध्वस्त होने से आवागमन बाधित हो गया है. प्रभावित क्षेत्रों में नाव ही लोगों के आने-जाने का मुख्य सहारा बनी हुई है.
Yogapatti News: कई पंचायतों के गांव बाढ़ की चपेट में
योगापट्टी के सिसवा मंगलपुर, जरलपुर खुटवनिया, डुमरी और बलुआ भवानीपुर समेत पांच पंचायतों के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं. जरलपुर खुटवनिया पंचायत के वार्ड संख्या-14 स्थित गजना गांव में करीब दो सप्ताह से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है.
ग्रामीण गयासुद्दीन अंसारी, भघेलू घटवार समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि कई घरों में तीन से चार फीट तक पानी जमा है. मुस्लिम मियां, अली हुसैन अंसारी, महफूज आलम, आकलख अहमद और गोपाल चौधरी समेत ग्रामीणों ने सरकारी सहायता नहीं मिलने की बात कही.
निजी नाव से ग्रामीणों की मदद
बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच स्थानीय घटवार निजी नाव के माध्यम से ग्रामीणों की मदद कर रहे हैं. लोग जरूरी सामान और आवागमन के लिए नाव का सहारा लेने को मजबूर हैं.
सीओ विक्रम सिंह ने बताया कि पानी से घिरे परिवारों की सहायता की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए सरकारी नाव की व्यवस्था की जा रही है.
पुल का एप्रोच पथ ध्वस्त, संपर्क प्रभावित
इधर, छोटा चौमुखा-बड़हरवा के बीच स्थित पुल का एप्रोच पथ बाढ़ के पानी में ध्वस्त हो गया है. इससे आसपास के क्षेत्रों का आवागमन प्रभावित हुआ है. ग्रामीण घेघी राम, मदन यादव, धूमन मांझी और संजय कुमार ने बताया कि सड़क संपर्क बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है.
वहीं चौमुखा-खालवा-बड़हरवा मुख्य सड़क पर बुलाही पुल के समीप भी सड़क का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क महज तीन माह पहले बनी थी.
सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
बुलाही पुल के समीप सड़क ध्वस्त होने के बाद पंचायत के मुखिया मुकेन्द्र यादव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है. ग्रामीण उस्मान अंसारी, रामाशीष यादव समेत अन्य लोगों ने क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.
बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा राशन वितरित
बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए खुटवनिया जरलपुर पंचायत के मुखिया अबुलैश ने अपने निजी कोष से सूखा खाद्य सामग्री का वितरण किया. बाढ़ पीड़ित परिवारों को चूड़ा, चीनी, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई.
ग्रामीण विश्वनाथ चौधरी, शाकिर अली, भगेलू मुखिया, सचु यादव और ननकू मियां समेत अन्य लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की.
यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान
