नवलपुर: पश्चिम चंपारण के योगापट्टी प्रखंड स्थित डुमरी गांव की मुख्य सड़क पिछले तीन-चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रही है. हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
हल्की बारिश में भी सड़क बन जाती है तालाब
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और समुचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिकांश समय पानी जमा रहता है. बारिश के दौरान सड़क कीचड़ और फिसलन से भर जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और पैदल चलने वालों को होती है.
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी पहल नहीं हुई. लोगों का आरोप है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए.
सड़क मरम्मत और जल निकासी की उठाई मांग
पूर्व मुखिया प्रत्याशी जितेंद्र प्रसाद, सैफुल खातून, चंदन कुमार, जुमराती मियां, एकबाल साह समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके.
मुखिया बोलीं- विधायक योजना से होगी मरम्मत
इस मामले में पंचायत की मुखिया आरती कुमारी ने बताया कि पंचायत की ओर से सड़क की सफाई करा दी गई है. उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत विधायक स्तर की योजना के तहत कराई जानी है.
यह भी पढे़ं: बिहार डीएलएड 2026: आज जारी होगा रिजल्ट, ऐसे डाउनलोड करें स्कोर कार्ड
