Bettiah News: मारवाड़ी महिला समिति की बेतिया शाखा के तत्वावधान में नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शहर में जागरूकता रैली निकाली गयी. रैली में बेतिया मारवाड़ी महिला समिति समेत रोटरी क्लब, इनरव्हील क्लब, मारवाड़ी युवा मंच, बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी और बीपी मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पारामेडिकल के सैकड़ों सदस्यों ने हिस्सा लिया.
जोड़ा शिवालय से शहीद पार्क तक निकली जागरूकता रैली
जागरूकता रैली जोड़ा शिवालय मंदिर से शुरू हुई. इसके बाद रैली लाल बाजार चौक और त्रिमूर्ति चौक होते हुए शहीद पार्क पहुंची.
रैली के दौरान लोगों को नेत्रदान एवं अंगदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गयी. आयोजकों ने हैंडबिल वितरित कर आम लोगों से अंगदान के लिए आगे आने और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की.
डॉक्टरों ने बताया नेत्रदान का महत्व
शहीद पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहर के चिकित्सकों ने नेत्रदान की जरूरत और इससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी.
सुप्रिया रोड स्थित डॉ. सुरेश प्रसाद आई एंड ईएनटी अस्पताल के डॉ. प्रदीप कुमार तथा छावनी स्थित रामचंद्र नेत्रालय के डॉ. राजीव गुप्ता ने लोगों को नेत्रदान के महत्व के बारे में बताया.
चिकित्सकों ने कहा कि जीवन में रक्तदान और मरणोपरांत नेत्रदान वर्तमान समय की महत्वपूर्ण जरूरत है.
नेत्रदान से लौट सकती है किसी की रोशनी
राष्ट्रीय संस्कार संस्कृति सह अंचल प्रमुख मीना तोदी ने कहा कि रैली के माध्यम से लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक करने की पहल की गयी है. उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद अंगदान के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में मदद की जा सकती है.
अभियान के दौरान आंख, फेफड़े, हृदय और किडनी जैसे महत्वपूर्ण अंगों के दान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया.
अंगदान को लेकर झिझक और भ्रांतियां दूर करने पर जोर
शाखा अध्यक्ष तारा सोमानी ने कहा कि लोग अंगदान का संकल्प लेकर किसी की जिंदगी में खुशियां ला सकते हैं. उन्होंने कहा कि नेत्रदान से किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौट सकती है और अंगदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद पैदा कर सकता है.
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में नेत्रदान और अंगदान को लेकर मौजूद झिझक एवं भ्रांतियों को दूर कर लोगों को इसके लिए प्रेरित करना है.
सैकड़ों सदस्यों ने लिया हिस्सा
रैली में रोटरी बेतिया सेंट्रल की अध्यक्ष डॉ. शीला रंजन, रोटरी बेतिया टाउन के अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह, इनरव्हील अध्यक्ष कमल अरोड़ा, मारवाड़ी युवा मंच अध्यक्ष राहुल सर्राफ, बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के सुरेश सिंघानिया तथा रेडक्रॉस संयुक्त सचिव जगदेव प्रसाद के नेतृत्व में सैकड़ों सदस्य शामिल हुए.
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अंगदान के महत्व की जानकारी देकर उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: बहन से कहासुनी के बाद घर से निकली 15 साल की छात्रा, पुल पर पहुंचकर नदी में कूदी