21 ATM कार्ड, 4 मोबाइल और पाकिस्तानी नंबर से चैट, बेतिया में पुलिस के हाथ लगा साइबर ठगी का बड़ा सुराग

पश्चिम चंपारण के बेतिया में पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा किया है. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 21 एटीएम कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं. जांच में पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबर से चैटिंग के सबूत मिले हैं.

Bettiah Cyber Crime: पश्चिम चंपारण के बेतिया में योगापट्टी थाना पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जांच के दौरान आरोपितों के मोबाइल फोन से एक पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबर पर चैट और बातचीत के डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही है.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, दो आरोपित गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के पिपरा नौरंगिया लोहरपट्टी निवासी अफरोज अंसारी और अजय कुमार के रूप में हुई है. योगापट्टी थानाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया.

21 एटीएम कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद

पुलिस के अनुसार, अफरोज अंसारी के पास से दो मोबाइल फोन और चार एटीएम कार्ड, जबकि अजय कुमार के पास से दो मोबाइल फोन और 17 एटीएम कार्ड बरामद किए गए. बरामद एटीएम कार्ड विभिन्न बैंकों और अलग-अलग स्थानों से संबंधित बताए जा रहे हैं.

मोबाइल फोन की जांच में साइबर ठगी से जुड़े दस्तावेज, संदिग्ध संदेश और एक पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबर से चैटिंग के साक्ष्य मिलने का दावा पुलिस ने किया है.

पूछताछ में साइबर ठगी में सहयोग की बात कबूल

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वे साइबर ठगों के लिए लोगों के बैंक खाते खुलवाने, एटीएम कार्ड उपलब्ध कराने और बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी में सहयोग करने के बदले कमीशन लेते थे.

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान, साइबर ठगी के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन और पूरे गिरोह के संचालन की जांच कर रही है. अधिकारियों के निर्देश पर मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

यह भी पढे़ं: बगहा में पुलिस का बड़ा अभियान, एक साथ 8 वारंटी और फरार आरोपित गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >