Bettiah News: मारवाड़ी युवा मंच गरिमा शाखा, मारवाड़ी युवा मंच एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बेतिया में भव्य बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया. धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बच्चों और युवाओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. करीब 130 नन्हे बच्चों ने कांवड़ लेकर नगर भ्रमण किया, जबकि यात्रा में 300 से अधिक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल हुए.
जोड़ा शिवालय मंदिर से शुरू हुई यात्रा
बाल कांवड़ यात्रा के प्रारंभ में जोड़ा शिवालय मंदिर में कांवड़ का विधिवत पूजन किया गया. इसके बाद बच्चों को कांवड़ सौंपकर यात्रा की शुरुआत की गई. नन्हे शिवभक्त पूरे उत्साह के साथ कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए.
लाल बाजार से सागर पोखरा तक पहुंची कांवड़ यात्रा
यात्रा जोड़ा शिवालय मंदिर से शुरू होकर लाल बाजार चौक, तीन लालटेन चौक, जनता सिनेमा चौक और पुराना बस स्टैंड होते हुए शिव मंदिर, सागर पोखरा पहुंची. यहां धार्मिक अनुष्ठान के साथ यात्रा का समापन किया गया.
बच्चों को दी गई विशेष टी-शर्ट और जलपान
आयोजकों की ओर से सभी बाल प्रतिभागियों को विशेष टी-शर्ट उपलब्ध कराई गई. यात्रा के दौरान बच्चों और श्रद्धालुओं के लिए रिफ्रेशमेंट एवं जलपान की भी व्यवस्था की गई थी. इससे पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह बना रहा.
समापन पर बांटी गई खीर का प्रसाद
बाल कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद सभी प्रतिभागियों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया. बच्चों ने धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिवभक्ति का संदेश दिया.
आयोजकों ने जताया आभार
आयोजकों ने बाल कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शहरवासियों, बच्चों, श्रद्धालुओं और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान