Census 2027: जनगणना से जुड़े कर्मियों और प्राध्यापकों के तबादले पर 31 मार्च तक रोक, सरकार ने जारी किया आदेश

राज्य सरकार ने जनगणना 2027 के सुचारू संचालन हेतु एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. जनगणना कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों के तबादलों पर 31 मार्च 2027 तक पूर्ण रोक लगा दी गई है. यह कदम डिजिटल मैपिंग और प्रशिक्षण जैसी तैयारियों को निर्बाध रखने के लिए उठाया गया है.

Census 2027 Update: जनगणना-2027 के सुचारु, निर्बाध और समयबद्ध संचालन को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है. जनगणना कार्य से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणक के पद पर कार्यरत प्राध्यापक व प्राध्यापिकाओं के किसी भी स्तर से स्थानांतरण पर 31 मार्च 2027 तक पूर्ण रोक लगा दी गई है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल ने सभी विभागाध्यक्षों, प्रधान सचिवों, सचिवों, प्रमंडलीय आयुक्तों तथा जिला पदाधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं.

राष्ट्रीय महत्व के कार्य के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी तय

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध कार्य है.

इसकी तैयारियों में किसी प्रकार की प्रशासनिक रुकावट न आए, इसके लिए जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी को प्रधान जनगणना पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को अपर जिला जनगणना पदाधिकारी तथा बीडीओ व सीओ को चार्ज अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके साथ ही विभिन्न विभागों के कर्मियों को जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त किया गया है.

31 मार्च 2027 तक स्थगित रहेगा सामान्य स्थानांतरण

विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त किसी भी पदाधिकारी अथवा कर्मी का सामान्य स्थानांतरण 31 मार्च 2027 तक पूरी तरह स्थगित रहेगा.

यदि किसी अपरिहार्य प्रशासनिक परिस्थिति में किसी कर्मी का स्थानांतरण बेहद जरूरी होता है, तो इसके लिए सक्षम प्राधिकारी की पूर्व सहमति और अनुमति लेना अनिवार्य होगा.

डिजिटल मैपिंग और पोर्टल सिंक्रोनाइजेशन न हो प्रभावित

आदेश में बताया गया है कि कर्मियों के अचानक स्थानांतरण से डिजिटल मैपिंग, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) प्रबंधन, पोर्टल सिंक्रोनाइजेशन और कर्मियों के प्रशिक्षण जैसी तकनीकी तैयारियां सीधे तौर पर प्रभावित हो सकती हैं.

तैयारियों की निरंतरता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है.

सभी विभागों को कड़ाई से अनुपालन का निर्देश

राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों, निदेशालयों और क्षेत्रीय अधिकारियों को इस आदेश का अक्षरशः व कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि समय-सीमा के भीतर राष्ट्रीय जनगणना के सभी चरणों को बिना किसी व्यवधान के पूरा किया जा सके.

यह भी पढ़ें: मीटर को किया बाईपास, बिजली चोरी करते पकड़े गए चार लोग; विभाग ने दर्ज कराया केस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >