नरकटियागंज: गन्ने की खेती में मजदूरों की कमी के बीच अब मशीन किसानों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है. नरकटियागंज चीनी मिल प्रबंधन ने गन्ने की खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में पहल शुरू कर दी है. इसी क्रम में अगस्त माह में पहली बार केन प्लांटर मशीन से गन्ने की बुवाई की गई. इस नई तकनीक से खेती की लागत कम होने के साथ मजदूरों पर निर्भरता भी घटने की उम्मीद है.
पहली बार मशीन से हुई गन्ने की बुवाई
गौनाहा प्रखंड के मठ मंझरिया गांव में किसान भूपनारायण यादव के खेत में एक एकड़ जमीन पर सीओ-14201 प्रजाति के गन्ने की बुवाई केन प्लांटर मशीन से की गई. नरकटियागंज चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी ने फीता काटकर मशीन से बुवाई का शुभारंभ किया.
इस मौके पर प्रगतिशील युवा किसान धनंजय यादव ने पहली बार मशीन के जरिए गन्ने की खेती शुरू की. मशीन से बुवाई को देखने के लिए अररिया बरवा, पिपरा, कुकुरा और मठ मंझरिया समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे.
एक साथ बुवाई, खाद और दवा का छिड़काव
केन प्लांटर मशीन की सबसे खास बात यह है कि इससे एक ही समय में गन्ने की बुवाई के साथ खाद और दवा का छिड़काव भी किया जा सकता है. इससे खेती का काम तेज, आसान और व्यवस्थित तरीके से पूरा होने की उम्मीद है.
मजदूरों की बढ़ती कमी से परेशान किसानों के लिए यह तकनीक काफी उपयोगी साबित हो सकती है. मशीन के इस्तेमाल से कम मजदूरों में अधिक काम हो सकेगा, जिससे गन्ने की खेती की लागत घटने की संभावना है.
आगे भी खेती में बढ़ेगा मशीनों का इस्तेमाल
चीनी मिल प्रबंधन का मानना है कि गन्ने की खेती में केवल बुवाई ही नहीं, बल्कि मिट्टी चढ़ाने और अन्य कृषि कार्यों में भी मशीनों का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा. इससे किसानों की मजदूरों पर निर्भरता और कम होगी.
कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि किसान गन्ने की आधुनिक खेती को लेकर उत्साहित हैं. प्रति एकड़ कम से कम 500 क्विंटल गन्ना उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है. मशीनों के इस्तेमाल से समय की बचत और खेती की बेहतर निगरानी में भी मदद मिलेगी.
किसान बोले, पहला अनुभव रहा अच्छा
प्रगतिशील युवा किसान धनंजय यादव ने बताया कि चीनी मिल प्रबंधन की प्रेरणा से उन्होंने पहली बार केन प्लांटर मशीन से गन्ने की खेती शुरू की है. उनका पहला अनुभव अच्छा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि यह तकनीक क्षेत्र के दूसरे किसानों को भी आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेगी.
मौके पर गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ढाका, राहुल राठी, योगेंद्र सिंह, वैभव मल्ल, नीरज कुमार सहित कई किसान मौजूद थे.
यह भी पढे़ं:
डाकुओं के अड्डे से शिक्षा के गढ़ तक... 30 साल में बदल गई गहिरी पंचायत की कहानी