Bettiah: बेतिया शहर के बेलबाग चौक पर शनिवार की रात मिष्ठान प्रतिष्ठान के समीप मोमोज के ठेले के पास हुए जोरदार धमाके के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गयी है. एसएसपी कुमार गौतम के निर्देश पर गठित एसआइटी ने रविवार को घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना के समय मौके पर मौजूद तीन संदिग्ध युवकों की पहचान में जुटी है. वहीं, एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाये गये नमूनों की जांच रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.
सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध गतिविधियां
एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में गठित एसआइटी में मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर, नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार, सदर इंस्पेक्टर राजेश कुमार और योगापट्टी इंस्पेक्टर ज्वाला सिंह शामिल हैं. टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. पुलिस के अनुसार, तीन युवक स्कूटी से घटनास्थल के पास पहुंचे थे और सड़क के पश्चिमी छोर पर स्कूटी खड़ी की थी. फुटेज में उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं.
आने-जाने के रास्ते की भी जांच
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों के आने और जाने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है. आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि उनकी पहचान और घटना से जुड़ी गतिविधियों की पूरी कड़ी सामने आ सके. स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गयी है.
एफएसएल ने जुटाये नमूने
धमाके के बाद वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया था. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किये. पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया तेज आवाज वाले पटाखे के इस्तेमाल की आशंका है. हालांकि, एफएसएल जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही धमाके की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
डस्टबिन हुआ क्षतिग्रस्त, दुकानदार सुरक्षित
मिष्ठान प्रतिष्ठान के संचालक के अनुसार, शनिवार की रात करीब आठ से नौ बजे के बीच दुकान के अंदर मौजूद थे. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर में आसपास धुआं फैल गया. धमाके से मोमोज के ठेले के समीप रखा डस्टबिन क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, मोमोज दुकानदार को चोट नहीं आयी. घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गयी है. एसआइटी सीसीटीवी फुटेज, एफएसएल रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है.
