बगहा.बगहा पुलिस जिला बगहा अंतर्गत पठखौली थाना क्षेत्र के बगहा व सेमरा मुख्य सड़क महुअर गांव के समीप सेमरा थाना क्षेत्र से पैसे की वसूली कर बगहा लौट रहे एलएनटी फाइनेंस कंपनी के कर्मी शत्रुधन कुमार से अज्ञात अपराधियों ने एक लाख पांच हजार रुपये की लूट कर लिया है. लूट घटना की सूचना मिलने के साथ ही एसपी सुशांत कुमार सरोज बगहा एसडीपीओ कुमार देवेन्द्र व बगहा थानाध्यक्ष अनील कुमार, पठखौली थानाध्यक्ष अनीष कुमार मौके पर पहुंचे और लूट के शिकार हुए फाइनेंस कर्मी से पूछताछ की. एसपी ने बताया कि लूट के शिकार हुए कर्मी के अनुसार बुलेट बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी बगहा की ओर से आ रहे थे. जैसे ही कर्मी उनके सामने से गुजारा कि पीछे बैठा एक अपराधी उसके बाइक पर पैर से टक्कर मार दिया. जिससे वह बाइक लेकर गिर गया और अपराधी रुपये से भरा बैग लेकर बगहा की ओर फरार हो गए. एसपी ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए एसआइटी टीम का गठन किया गया है. टीम का नेतृत्व बगहा एसडीपीओ कुमार देवेन्द्र कर रहे है. उनके साथ पठखौली, बगहा, भैरोगंज, सेमरा आदि थानों को लगाया गया है. बगहा-सेमरा मुख्य सड़क के किनारे लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है. साथ ही उपरोक्त फाइनेंस कंपनी से भी पूछताछ की जा रही है कि पुलिस के बगैर सूचना दिये अधिक राशि लेकर कैसे आ जा रहे है. इधर लूट की सूचना मिलने के बाद जिले में सघन वाहन जांच अभियान के साथ-साथ अपराधियों के ठिकाने की पहचान के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
