बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट
Bhojpuri Movie Trailer: बगहा के उभरते कलाकार राजा भोजपुरिया की बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म ‘जान से प्यारी बहना हमारी’ का ट्रेलर आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है. रिलीज होते ही फिल्म का ट्रेलर दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. कम समय में भोजपुरी फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले राजा भोजपुरिया ने अपने शानदार अभिनय और गायकी के दम पर देश ही नहीं, बल्कि नेपाल सहित विदेशों में भी बड़ी संख्या में प्रशंसक बनाए हैं. नेपाल में उनके स्टेज शो को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है.
दहेज प्रथा के खिलाफ सामाजिक संदेश देती है फिल्म
दहेज प्रथा जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति के खिलाफ ताना-बाना बुनकर बनाई गई यह फिल्म बिहार के सुपौल जिले के वीरपुर शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित है. यह फिल्म समाज को एक सकारात्मक और मजबूत संदेश देने के साथ-साथ दर्शकों के लिए मनोरंजन का भी भरपूर तड़का प्रस्तुत करती है. इस फिल्म के निर्माता कुमार सौरभ शर्मा, सह निर्माता राजन देसाई तथा निर्देशक रमेश बोगाटी हैं. फिल्म की मर्मस्पर्शी कहानी खुद राजन देसाई ने लिखी है.
राजा भोजपुरिया और गौरव रौशन ने तैयार किया संगीत
फिल्म के कर्णप्रिय गीत राजा भोजपुरिया और ददन शर्मा ने लिखे हैं, जबकि इसका बेहतरीन संगीत राजा भोजपुरिया एवं गौरव रौशन ने मिलकर तैयार किया है. पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की इस फिल्म में डिजिटल स्टार सौरभ शर्मा, राजा भोजपुरिया, गोपाल चौहान, इंद्रसेन यादव, प्रियांशु सिंह, माधवी श्री, राहुल श्रीवास्तव, जय यादव, टी.एन. त्रिपाठी और चुन्नू पाण्डेय सहित कई नामचीन कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं.
भोजपुरी सिनेमा में नई पहचान स्थापित करेगी यह फिल्म
फिल्म के मुख्य कलाकार राजा भोजपुरिया और सौरभ शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि ‘जान से प्यारी बहना हमारी’ भोजपुरी सिनेमा में एक नई पहचान स्थापित करेगी. उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी, गीत और संवाद दर्शकों के दिलों को सीधे छूने वाले हैं. ट्रेलर के माध्यम से दर्शकों को फिल्म की भावनात्मक और सामाजिक कहानी की एक सुंदर झलक देखने को मिलेगी. उन्हें पूरा विश्वास है कि यह फिल्म समाज को जागरूक करने के साथ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी करेगी.
ये भी पढ़ें: हैट्रिक चैंपियन बनीं बखरी की बेटियां, लगातार तीसरी बार जीता सुब्रतो मुखर्जी कप का जिला खिताब
