Bettiah Weather Update: उत्तर-पश्चिमी बिहार के जिलों सहित बेतिया में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. शुक्रवार की शाम हुई तेज आंधी और बारिश ने जहां चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी है, वहीं शनिवार, 9 मई को भी राहत के साथ आफत की संभावना बनी हुई है. वातावरण में बढ़ी नमी और बादलों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.
बेतिया में शनिवार को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को बेतिया और आसपास के क्षेत्रों में मौसम काफी उतार-चढ़ाव भरा रहेगा. जिले में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार जताए गए हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. हालांकि, बारिश से तापमान में गिरावट जरूर आएगी, लेकिन आंधी और वज्रपात की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है.
तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम केंद्र ने विशेष रूप से गरज के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. शुक्रवार की शाम आई आंधी-पानी ने पहले ही कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित किया है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने सुझाव दिया है कि खराब मौसम के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें.
