Bettiah News: राज्य कर विभाग ने कर चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बेतिया अंचल क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर मालवाहक वाहनों की सघन जांच की गई. इस दौरान आवश्यक दस्तावेज एवं ई-वे बिल में अनियमितता मिलने पर चावल, जींस तथा अन्य मिश्रित सामान से लदे पांच छोटे-बड़े ट्रकों को जब्त कर लिया गया.
विशेष जांच अभियान में हुई कार्रवाई
बेतिया अंचल के राज्य कर संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान माल परिवहन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई. जिन वाहनों में वैध कागजात या कर संबंधी नियमों का पालन नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई.
दस्तावेजों की हो रही विस्तृत जांच
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए वाहनों एवं उनमें लदे सामान की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद कर निर्धारण, जुर्माना तथा अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग यह भी पता लगा रहा है कि कर नियमों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ है.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
राज्य कर संयुक्त आयुक्त ने कहा कि सरकार के राजस्व की सुरक्षा और कर चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इस तरह का विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही माल परिवहन करने की अपील की गई है.
