बेतिया से रवि ‘रंक’ की रिपोर्ट
Bettiah Sports News: बरवत सेना स्थित डॉ. हेडगेवार नगर के सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में विद्या भारती बिहार की 37वीं अंतर प्रांतीय समूह खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता में उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार और झारखंड प्रांतों के 400 से अधिक चयनित छात्र-छात्राएं कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
सीमा सुरक्षा बल के डिप्टी कमांडेंट ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 65वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट प्रभाकर चतुर्वेदी ने किया. उन्होंने कहा कि खेल से एकाग्रता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है. खेल जीवन में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने खिलाड़ियों से जीत और हार दोनों को सीख के रूप में स्वीकार करने की अपील की.
तीन प्रांतों के खिलाड़ियों का हुआ स्वागत
विद्या भारती बिहार प्रांत के सचिव रामलाल सिंह ने कहा कि उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार और झारखंड प्रांत के 400 से अधिक खिलाड़ी इस खेल महाकुंभ में भाग ले रहे हैं. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया. प्रतियोगिता का शंखनाद चंपारण विभाग के निरीक्षक ललित कुमार ने किया.
कबड्डी और खो-खो में दिखेगा खिलाड़ियों का दम
विद्यालय के प्रधानाचार्य फणीश्वरनाथ ने बताया कि 27 और 28 जून तक आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्रीय स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं. आयोजन समिति के संयोजक एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव उमेश प्रसाद ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना है.
बड़ी संख्या में अतिथि रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में लोक शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश मंत्री ब्रजेश कुमार, विद्या विकास समिति झारखंड के प्रतिनिधि, भारती शिक्षा समिति के प्रांतीय सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, पूर्व छात्र डॉ. ज्वाला प्रसाद, विद्यालय अध्यक्ष वर्मा प्रसाद, विद्यालय कोषाध्यक्ष शिव कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. सह संयोजक शिव कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया.
