बेतिया न्यूज: सड़क हादसों में लोगों की जान बचाने के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है, लेकिन कई लोग अब भी इसे नजरअंदाज कर देते हैं. पश्चिम चंपारण के सिकटा में 10वीं कक्षा के छात्र मो. जाकिर ने इस समस्या का ऐसा तकनीकी समाधान तैयार करने का दावा किया है, जिसमें हेलमेट पहने बिना बाइक स्टार्ट ही नहीं होगी. छात्र ने अपने इस प्रयोग का विद्यालय में प्रदर्शन किया, जिसे शिक्षकों और सहपाठियों ने खूब सराहा.
हादसों की खबरों ने किया प्रेरित
सिकटा पंचायत के हरिपुर पुरैनिया गांव निवासी जाकिर ने बताया कि उसे बचपन से ही कुछ अलग करने की इच्छा थी. सड़क हादसों में लोगों की मौत की खबरें उसे परेशान करती थीं. इसी समस्या का समाधान तलाशने के दौरान उसके मन में ऐसा हेलमेट बनाने का विचार आया, जिसे पहने बिना बाइक चालू न हो सके.
इसके बाद उसने कई दिनों तक इस प्रयोग पर काम किया. लगातार मेहनत और रिसर्च के बाद उसने अपने मॉडल को तैयार किया और विद्यालय में शिक्षकों व छात्रों के सामने इसका प्रदर्शन किया.
हेलमेट पहनना होगा जरूरी
जाकिर के मुताबिक, उसके तैयार किए सिस्टम में बाइक तभी स्टार्ट होगी, जब चालक हेलमेट पहनेगा. इसका उद्देश्य लोगों को हेलमेट पहनने के लिए मजबूर करना नहीं, बल्कि इसे बाइक चलाने की आदत का अनिवार्य हिस्सा बनाना है.
उसका मानना है कि अगर ऐसी तकनीक व्यावहारिक रूप से विकसित हो सके तो हेलमेट नहीं पहनने के कारण होने वाले हादसों में गंभीर चोट और मौत के मामलों को कम करने में मदद मिल सकती है.
बाइक चोरी रोकने में भी मदद की उम्मीद
जाकिर का कहना है कि उसके प्रयोग का एक और फायदा बाइक चोरी रोकने में हो सकता है. यदि सिस्टम को इस तरह विकसित किया जाए कि बिना निर्धारित हेलमेट के बाइक स्टार्ट न हो, तो अनधिकृत तरीके से बाइक चलाना मुश्किल हो सकता है.
हालांकि, उसके वर्तमान मॉडल को और बेहतर बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों और विशेषज्ञ मार्गदर्शन की जरूरत है.
आर्थिक स्थिति बनी चुनौती
विज्ञान में विशेष रुचि रखने वाले जाकिर ने बताया कि उसके सपनों के रास्ते में परिवार की आर्थिक स्थिति बड़ी चुनौती है. उसके पिता मैकेनिक का काम करते हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद जाकिर लगातार नये प्रयोग करने की कोशिश करता है.
उसे उम्मीद है कि यदि उसे बेहतर संसाधन, तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग मिले तो वह अपने हेलमेट सिस्टम को और विकसित कर सकेगा. विद्यालय में उसके प्रयोग की सराहना से जाकिर का उत्साह भी बढ़ा है.
यह भी पढे़ं:
अब आधार के लिए नहीं लगाना होगा प्रखंड का चक्कर, पंचायत में ही मिलेगी यह सुविधा
