Bettiah News: जिला परिषद की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. जिला परिषद अध्यक्ष निर्भय कुमार महतो के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सोमवार को जिला परिषद सभागार में निर्णायक बैठक आयोजित की जाएगी. पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मत विभाजन कराया जाएगा. इस बैठक को लेकर जिला परिषद सदस्यों के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में सरगर्मी तेज है.
पक्षपात और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों पर होगी चर्चा
उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी काजले वैभव नितिन द्वारा जारी पत्र के आलोक में सभी सदस्यों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों ने अध्यक्ष निर्भय कुमार महतो पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जिला परिषद की बैठकें समय पर नहीं बुलाई गईं और विकास योजनाओं में भारी पक्षपात किया गया. इसके अलावा जिला परिषद कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर मौन समर्थन देने और उप-समितियों की बैठकें नियमित रूप से न कराकर प्रशासनिक अनियमितताओं को बढ़ावा देने का भी आरोप है.
इस बार भी किंगमेकर की भूमिका पर टिकी हैं सबकी नजरें
राजनीतिक जानकारों की मानें तो निर्भय महतो को अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचाने वाले किंगमेकर की सक्रियता इस बार भी चर्चा का केंद्र बनी हुई है. माना जा रहा है कि आज होने वाले मत विभाजन में किंगमेकर की रणनीति और आंतरिक समर्थन कई सदस्यों के रुख को बदल सकता है. ऐसे में सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम समय में किंगमेकर किस खेमे के साथ खड़े होते हैं और ऊंट किस करवट बैठता है.
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
