Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के जनजातीय बहुल गांवों में अनुसूचित जनजाति समुदाय तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को “जनभागीदारी अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया गया. बेतिया समाहरणालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में जिलाधिकारी तरणजोत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर इस विशेष अभियान की शुरुआत की. इस मौके पर एडीएम राजीव कुमार सिन्हा और जिला कल्याण पदाधिकारी अमित भास्कर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
पांच प्रखंडों के 127 गांवों में लगेंगे विशेष शिविर
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित यह अभियान 25 मई तक चलेगा. इसके तहत जिले के बगहा-2, गौनाहा, रामनगर, मैनाटांड़ और योगापट्टी प्रखंड के 127 अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों में 19 मई से 25 मई तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के आवेदन लिए जाएंगे और मेडिकल कैंप के माध्यम से ग्रामीणों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा मिलेगी.
जनसुनवाई में सीधे समस्याओं का होगा त्वरित निष्पादन
अभियान के दौरान 21 मई से 25 मई तक चयनित आदि सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें आदिवासी समुदाय के लोग अपनी समस्याएं सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे. जिलाधिकारी तरणजोत सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना है. अभियान के सफल संचालन के लिए उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन को वरीय पदाधिकारी नामित किया गया है.
बेतिया से मधुकर मिश्रा की रिपोर्ट
