Bettiah News: सीमावर्ती क्षेत्र का सबसे बड़ा और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र होने के बावजूद सिकटा स्थानीय बाजार में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है. इस बाजार में प्रतिदिन पड़ोसी देश नेपाल सहित भारतीय क्षेत्रों के हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. इसके बावजूद, बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण खरीदारों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है.
शौचालय और प्याऊ न होने से महिलाएं और राहगीर बेहाल
बाजार में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण सबसे अधिक परेशानी महिला खरीदारों को उठानी पड़ती है. वहीं दूसरी तरफ, बॉर्डर चौक से लेकर पूरे बाजार क्षेत्र तक चिलचिलाती धूप में लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए भटकना पड़ता है. प्याऊ की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग बाजार में पानी के लिए तरस जाते हैं.
अधिकारियों का आश्वासन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय विकास का दंभ भरने वाले जनप्रतिनिधि जीतने के बाद बाजार की समस्याओं को भूल जाते हैं. इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड प्रमुख अजीत कुमार उर्फ मुन्ना सिंह ने माना कि समस्या वाकई गंभीर है. उन्होंने आश्वासन दिया कि दूर-दराज से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जल्द ही बाजार में प्याऊ और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा.
बेतिया के सिकटा से अमर कुमार की रिपोर्ट
