बेतिया: गर्मी की छुट्टियों में स्किन केयर का रखें ध्यान, डॉ. मुग्धा ने दी खास सलाह

Bettiah News: गर्मी की छुट्टियों में तेज धूप त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार सनस्क्रीन, पर्याप्त पानी, टोपी और सनग्लास का उपयोग कर सनबर्न, टैनिंग और झुर्रियों से बचा जा सकता है. सही स्किन केयर से यात्रा का आनंद दोगुना हो जाता है. पढे़ं पूरी खबर…

बेतिया से आलोक अगस्टीन की रिपोर्ट

Bettiah News: गर्मी की छुट्टियां घूमने-फिरने और नई जगहों को एक्सप्लोर करने का बेहतरीन मौका होती हैं. लेकिन इस दौरान तेज धूप और बढ़ता तापमान आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है. अगर छुट्टियों का मजा बिना किसी परेशानी के लेना है तो त्वचा की देखभाल पर भी उतना ही ध्यान देना जरूरी है, जितना यात्रा की तैयारी पर.

धूप से त्वचा को हो सकता है नुकसान

बेतिया के कोतवाली चौक स्थित स्किन केयर सेंटर की चिकित्सक और जीएमसीएच के चर्मरोग विभाग की सीनियर रेजिडेंट डॉ. मुग्धा मोहन बताती हैं कि गर्मी के मौसम में सूर्य की यूवी किरणें त्वचा को सबसे ज्यादा प्रभावित करती हैं. लंबे समय तक धूप में रहने से सनबर्न, टैनिंग, झुर्रियां और समय से पहले उम्र बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

सनस्क्रीन और सुरक्षा के उपाय जरूरी

विशेषज्ञों के अनुसार, घर से बाहर निकलने से 20 से 30 मिनट पहले एसपीएफ 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन लगाना चाहिए. यदि लंबे समय तक बाहर रहना हो तो हर दो-तीन घंटे पर इसे दोबारा लगाना जरूरी है. साथ ही टोपी, सनग्लास और हल्के सूती कपड़ों का इस्तेमाल धूप से बचाव में मदद करता है.

हाइड्रेशन का रखें खास ध्यान

गर्मी में शरीर और त्वचा दोनों को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है. इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. नारियल पानी, ताजे फलों का रस और अन्य तरल पदार्थ शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते. इससे त्वचा की प्राकृतिक चमक भी बनी रहती है.

डॉ. मुग्धा की खास सलाह

चेहरे को समय-समय पर साफ पानी से धोएं, हल्के मॉइस्चराइजर का उपयोग करें और धूप से लौटने के बाद एलोवेरा जेल लगाएं. जंक फूड की बजाय फल और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता दें. इससे त्वचा स्वस्थ रहेगी और छुट्टियों की यादें भी खूबसूरत तस्वीरों के रूप में संजोई जा सकेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >