Bettiah News: चर्चित पुट्टू मिश्र हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मामले के तीन नामजद अभियुक्तों—राजू खान, लारेब खान और समीर खान को अदालत ने पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है. अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी आलोक कुमार चतुर्वेदी की अदालत ने यह फैसला सुनाया है.
15 से 19 मई तक होगी गहन पूछताछ
कोर्ट के आदेशानुसार, तीनों अभियुक्त 15 मई से 19 मई तक पुलिस की कस्टडी में रहेंगे. अनुमंडल अभियोजन पदाधिकारी डॉ. अनीश कुमार ने बताया कि रामनगर थाना कांड संख्या 290/26 की सुनवाई के दौरान यह आदेश पारित हुआ. अदालत ने स्पष्ट किया है कि रिमांड पर लेने से पहले अभियुक्तों की चिकित्सकीय जांच अनिवार्य है. साथ ही, सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूछताछ की जाएगी और उन्हें अपने अधिवक्ता से मिलने की अनुमति भी दी जाएगी.
साजिश और सुरागों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन पांच दिनों के दौरान हत्या की साजिश, घटना के पीछे की मुख्य वजह और प्रयुक्त हथियारों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी. जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान कई ऐसे अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे इस चर्चित हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी. साथ ही घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों के नामों का भी खुलासा हो सकता है.
आत्मसमर्पण के बाद न्यायिक हिरासत में थे आरोपी
गौरतलब है कि पुट्टू मिश्र हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है. तीनों आरोपियों ने पूर्व में अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद से वे जेल में थे. अब पुलिस रिमांड मिलने के बाद इस मामले की जांच में तेजी आने की संभावना है.
बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट
