बेतिया: आंधी-पानी से चरमराई बिजली व्यवस्था, 14 घंटे बाद बहाल हुई सप्लाई

Bettiah News: नरकटियागंज में सोमवार शाम आई तेज आंधी-पानी से मची तबाही. रामनगर ग्रिड से नरकटियागंज 33 हजार लाइन ब्रेकडाउन, ब्लॉक रोड में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का पंडाल उड़ा. जेई गौतम कुमार की देखरेख में बिजली बहाली का काम पूरा. जानिए खबर विस्तार से…

बेतिया के नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट

Bettiah News: सोमवार की देर शाम आई भीषण आंधी और मूसलाधार बारिश ने जहाँ पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड और झुलसाने वाली गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी, वहीं दूसरी ओर बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि जगह-जगह बिजली के तारों और खंभों पर पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे 33 हजार वोल्ट (33 KV) की मुख्य संचरण लाइन पूरी तरह ब्रेकडाउन हो गई.

रात में सक्रिय हुई विद्युत टीम

विद्युत आपूर्ति को दोबारा सुचारू करने के लिए मौसम साफ होते ही रात में ही विद्युत विभाग की तकनीकी टीम पेट्रोलिंग के लिए रवाना हो गई. बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) गौतम कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रामनगर ग्रिड से लेकर नरकटियागंज सब-स्टेशन तक आने वाली 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन और विभिन्न फीडरों की 11 हजार वोल्ट की सप्लाई लाइनों पर जगह-जगह पेड़ और भारी टहनियां टूटकर गिर गई थीं. इसके चलते दर्जनों पोल क्षतिग्रस्त हो गए और पूरी बिजली व्यवस्था ठप हो गई.

महायज्ञ का भव्य पंडाल उड़ा

इस आंधी-पानी के कारण नगर के ब्लॉक रोड स्थित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ परिसर में भी भारी नुकसान हुआ है. महायज्ञ के आयोजन के लिए बनाया गया भव्य और विशाल मुख्य पंडाल आंधी के तेज झोंकों से उड़कर जमीन पर धराशायी हो गया. जिस वक्त यह हादसा हुआ, वहाँ श्रद्धालुओं के बीच अचानक अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई.

बिजली कटने से टला बड़ा हादसा

हालांकि, राहत और संयोग की बात यह रही कि आंधी शुरू होते ही पावर सब-स्टेशन से बिजली कटी हुई थी, अन्यथा हाई-टेंशन तारों की चपेट में आने से कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था. पंडाल गिरने से आयोजन समिति को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है.

जल्द बहाल होगी पूरी आपूर्ति व्यवस्था

विद्युत विभाग के कनीय अभियंता गौतम कुमार ने मंगलवार की सुबह बताया कि शेरहवा के समीप 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन के ऊपर एक विशाल पेड़ उखड़कर गिर गया था, साथ ही 11 हजार वोल्ट की लाइनों को भी भारी नुकसान पहुंचा था. तकनीकी कर्मियों की मेहनत के बाद सभी अवरोधों को हटाकर फाल्ट को ठीक कर लिया गया है. अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >